
भोपाल। क्राइम ब्रांच पुलिस ने ग्राम रामगढ़ जिला टीकमगढ़ में संचालित अवैध आर्म्स फैक्ट्री के फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी गिरफ्तारी के डर से लगभग एक वर्ष से फरार चल रहा था. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5 हजार रुपए इनाम की घोषणा की गई थी. आरोपी पूर्व में अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री में पूर्व में गिरफ्तार आरोपी सुरेन्द्र विश्वकर्मा के साथ संयुक्त रुप से संलिप्त था.
पुलिस के मुताबिक 3 जून सूचना मिली कि आर्म्स एक्ट में काफी समय से फरार आरोपी 6 नंबर स्टाप से शिवाजी नगर तरफ पैदल जाते हुए देखा गया. पुलिस ने आरोपी को हनुमान मंदिर के पास पकडा. उसने अपना नाम नरेन्द्र सिंह परमार (54) निवासी ग्राम रामगढ तहसील जतारा टीकमगढ बताया. उसने उसी प्रकरण में फरार होना भी पुलिस को बताया. आरोपी से प्रकरण में पूर्व में गिरफ्तारशुदा आरोपी सुरेन्द्र विश्वकर्मा के साथ अवैध हथियार निर्माण की फैक्ट्री संचालित कर अवैध हथियार विक्रय करने के संबंध में पूछताछ की गई. उसने पूर्व में गिरफ्तार आरोपीगणों के साथ काम करने की बात स्वीकार की. आरोपी गिरफ्तारी के डर से घटना दिनांक से ही फरार था, जिसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था. आरोपी द्वारा पूछताछ पर एक पिस्टल और एक कट्टा बाबर उर्फ सलीम निवासी- झांसी को बेचना बताया गया, जिसकी अग्रिम कार्रवाई की जा रही है. अपराध में पूर्व में भी फरार आरोपी गुड्डू उर्फ सादिक निवासी- टीकमगढ़ और मुमताज अली को भी गिरफ्तार किया गया था. इन दोनों आरोपियों के पास से भी अवैध हथियार बरामद किये गये थे. प्रकरण में अभी तक 7 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जिनसे अवैध हथियार और हथियार के निर्माण में कई मशीने एवं अन्य सामग्री बरामद की जा चुकी है. गिरफ्तार आरोपी नरेन्द्र प्रताप सिंह परमार को न्यायालय पेश कर पुलिस रिमाण्ड पर लेकर पूछताछ की जा रही है.
