नयी दिल्ली, 08 जून (वार्ता) युवा कांग्रेस ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट के पेपर लीक तथा सीबीएसई में गड़बड़ी के खिलाफ युवाओं और छात्रों को एकजुट कर शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर इस्तीफे की मांग को लेकर दबाव बनाने के उद्देश्य से देशव्यापी ‘जेन जी का पंजा’ अभियान शुरू किया है।
युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने सोमवार को यहां अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि संगठन 13 मई से विभिन्न राज्यों में छात्रों के मुद्दों को लेकर लगातार आंदोलन कर रहा है और अब देशभर के युवाओं को इस मुहिम से जोड़ना चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा संबंधी गड़बड़ियां सामने आने के बावजूद सरकार छात्रों के हितों की रक्षा करने में विफल रही है।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत युवाओं से प्रश्नपत्र लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर वीडियो संदेश साझा करने, सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान से जुड़ने तथा जनप्रतिनिधियों के समक्ष अपनी मांगें रखने की अपील की गई है। उनका कहना था कि यह अभियान शिक्षा व्यवस्था में विश्वास बहाल करने, योग्यता आधारित अवसरों की रक्षा करने और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों को राष्ट्रीय विमर्श का विषय बनाने के लिए चलाया जा रहा है।
युवा कांग्रेस ने बताया कि अभियान के तहत युवाओं को विभिन्न माध्यमों से अपनी बात रखने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अलावा भाजपा के सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर शांतिपूर्ण जनसंपर्क अभियान भी चलाया जाएगा।
श्री चिब ने दावा किया कि युवा कांग्रेस अब तक 50 से अधिक शहरों में छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन कर चुकी है। उन्होंने देशभर के युवाओं, छात्रों, पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं और युवा पेशेवरों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
