भारत ने संयुक्त राष्ट्र में महत्वपूर्ण खनिजों की सुरक्षित एवं पारदर्शी आपूर्ति श्रृखंला बनाने का आह्वान किया

न्यूयार्क, 15 जुलाई (वार्ता) भारत ने बुधवार को ऊर्जा परिवर्तन के लिए जरूरी महत्वपूर्ण खनिजों की सुरक्षित, पारदर्शी और विविध वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला बनाने का आह्वान किया। भारत ने जोर देकर कहा कि ये संसाधन ‘सतत विकास के इंजन बनने चाहिए, न कि असमानता का एक और जरिया।’ संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश पर्वतनेनी ने महत्वपूर्ण ऊर्जा परिवर्तन खनिजों पर संयुक्त राष्ट्र की उच्च स्तरीय बैठक में कहा कि ये खनिज वैश्विक स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन के लिए बेहद जरूरी हैं। इसके साथ ही ये विकासशील देशों को औद्योगीकरण तेज करने, गुणवत्तापूर्ण रोजगार पैदा करने और घरेलू विनिर्माण को मजबूत करने का अवसर भी देते हैं।

उन्होंने कहा, “ऊर्जा परिवर्तन के लिए जरूरी महत्वपूर्ण खनिज सतत विकास के इंजन बनने चाहिए, न कि असमानता का एक और जरिया।” श्री पर्वतनेनी ने कहा कि भारत एक ऐसी ‘सुरक्षित, पारदर्शी और विविध आपूर्ति श्रृंखला’ बनाने के लिए सभी भागीदारों के साथ काम करने के लिए तैयार है जो साझा समृद्धि को बढ़ावा दे और यह सुनिश्चित करे कि वैश्विक ऊर्जा परिवर्तन का लाभ सभी में समान रूप से बंटे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग ऐसा होना चाहिए जिससे देश वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में अपनी बेहतर भागीदारी बना सकें और अधिक लाभ कमा सकें।

राजदूत ने भारत के प्रयासों को रेखांकित करते हुए कहा कि दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते नवीकरणीय ऊर्जा बाजारों में से एक होने के नाते, भारत राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन के माध्यम से इस व्यवस्था को मजबूत कर रहा है, जबकि खनिज बिदेश इंडिया लिमिटेड (काबिल) रणनीतिक अंतरराष्ट्रीय साझेदारियां कर रही है। श्री पर्वतनेनी ने वैश्विक सहयोग को लागू करने के लिए भारत की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए तीन मुख्य सिद्धांतों पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “प्राकृतिक संसाधनों पर राष्ट्रीय स्वामित्व और संप्रभुता हमेशा अंतरराष्ट्रीय सहयोग की नींव बनी रहनी चाहिए।” राजदूत ने ऐसी साझेदारियों का आह्वान किया जो ‘आपसी सहमति की शर्तों पर निवेश, तकनीक के हस्तांतरण, क्षमता निर्माण और कौशल विकास’ को बढ़ावा दें, जिससे विकासशील देशों को अपनी प्रसंस्करण, रिफाइनिंग और विनिर्माण क्षमताओं को बढ़ाने में मदद मिले। भारतीय राजनयिक ने इस बैठक का स्वागत करते हुए महत्वपूर्ण खनिजों पर अंतरराष्ट्रीय बातचीत को आगे बढ़ाने में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के नेतृत्व के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

.....

Next Post

PLS स्कूल के विद्यार्थियों ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प, सारनी पुलिस ने शुरू किया 15 दिवसीय विशेष अभियान

Wed Jul 15 , 2026
सारनी। पी एल एस स्कूल के बच्चों ने सारनी थाना पहुंचकर शुभारंभ किया नशा मुक्ति अभियान, गूंजा से नो टू ड्रग का संदेश दिया। जिला पुलिस बैतूल द्वारा संचालित शुभारंभ नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत मंगलवार 15 जुलाई 2026 को थाना सारणी क्षेत्र में अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। […]

You May Like