सतना :बैंक से रुपए निकालकर मुख्य डाक घर में जमा कराने आई महिला के बैग को ब्लेड से काटकर 86 हजार रु चुरा लिए जाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो महिला आरोपियों को पन्ना से गिरफ्तार कर लिया. राजगढ़ जिले की निवासी दोनों महिलाएं शहर सहित जिले भर में इसी तरह की घटनाओं को अंजाम देने के फिराक में थीं.कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 मई को जयस्तंभ चौक के निकट स्थित मुख्य डाक घर में महिला के बैग पर ब्लेड से चीरा लगाकर उसमें रखी नकदी चुरा लिए जाने की घटना सामने आई थी.
पंजाबी कालोनी निवासी श्रीमती कंचन अग्रवाल पति शिवकुमार द्वारा बैंक ऑफ इंडिया से 86 हजार रु की नकदी की निकासी की गई थी. जिसे वे अपने बैग में रखकर मुख्य डाक घर में जमा कराने के लिए आई थीं. लेकिन वहां पर श्रीमती कंचन के बैग को ब्लेड से काटकर उसमें रखी नकदी पार कर दी गई. प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस टीम ने मुख्य डाक घर सहित आस पास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरु की.
फुटेज में 2 महिलाओं की गतिविधि संदिग्ध नजर आई. लिहाजा संदिग्ध नजर आ रही महिलाओं के मूवमेंट को लेकर कड़ी से कड़ी जोडऩा शुरु किया गया. जिसका नतीजा यह हुआ कि संदेही महिलाओं की पहचान मंजू सिसोदिया पति रुपेश उम्र 32 वर्ष और अमीका सिसोदिया पति स्व. सिकंदर उम्र 45 वर्ष दोनों निवासी कडिय़ा सांची राजगढ़ के तौर पर हुई.
नहीं मिल पाई नकदी संदेहियों की पहचान होते ही मुखबिरों को सक्रिय करते हुए महिलाओं की तलाश शुरु की गई. सटीक जानकारी मिलते ही पुलिस टीम पन्ना पहुंच गई और वहां से दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में दोनों महिलाओं ने ब्लेड से काटकर बैग से रुपए चुराने की घटना स्वीकार कर लिया. लेकिन बैग से उड़ाई गई रकम को पुलिस बरामद नहीं कर सकी. जिसे देखते हुए संभावना जताई गई कि इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने के लिए जिले सहित आस पास के क्षेत्र में पूरा गिरोह सक्रिय है, और पकड़ी गई महिलाएं उक्त गिरोह की छोटी मछलियां हैं.
