
मंडला। भारतीय स्टेट बैंक मंडला शाखा में फर्जी तरीके से भर्ती के एक गंभीर मामले का मंडला पुलिस ने खुलासा करते हुए दिल्ली से एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह महिला वह है, जिसने जूनियर एसोसिएट पद के लिए फर्जी तरीके से नियुक्त हुई महिला कर्मचारी के स्थान पर परीक्षा दी थी।
बताया गया कि मामले का खुलासा तब हुआ जब 12 मार्च 2024 को बैंक प्रबंधन ने थाना कोतवाली मंडला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि एसबीआई मंडला में जूनियर एसोसिएट के पद पर कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने भर्ती प्रक्रिया में धोखाधड़ी कर नियुक्ति प्राप्त की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला कर्मचारी ने स्वयं परीक्षा नहीं दी थी, बल्कि उसके स्थान पर किसी अन्य महिला ने परीक्षा दी थी। इसी आधार पर तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तारी की गई।
जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि उक्त महिला की भर्ती में उसके भाई नाहर सिंह मीना की सक्रिय भूमिका रही, जिसने उसके स्थान पर परीक्षा दिलवाने की व्यवस्था की थी। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस के समक्ष यह चुनौती बनी हुई थी कि भर्ती परीक्षा में आखिरकार महिला अभ्यर्थी के स्थान पर वास्तविक रूप से कौन बैठा था। पुलिस की लगातार तकनीकी विश्लेषण, दस्तावेजों की जांच और अन्य साक्ष्यों के गहन अध्ययन के बाद यह पुष्टि हुई कि परीक्षा हरियाणा के फरीदाबाद निवासी एक महिला द्वारा दी गई थी। थाना कोतवाली पुलिस टीम दिल्ली जाकर उक्त महिला से पूछताछ की, जिसने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा के साथ वेरिफिकेशन में भी कैंडिडेट के स्थान पर शामिल हुई थी। थाना कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पुलिस रिमांड हेतु प्रस्तुत किया गया है।
