कटनी में स्थापित किया जाये पीओपीएसके

जबलपुर। कटनी जिले में पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केन्द्र स्थापित किये जाने की मांग करते हुए हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गयी है। हाईकोर्ट के कार्यवाहक चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा तथा जस्टिस विनय सराफ की युगलपीठ ने याचिका की सुनवाई करते हुए अनावेदकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

कटनी निवासी समाजसेवी दिव्यांशु उर्फ अंशु मिश्रा की तरफ से दायर की गयी याचिका में कहा गया था कि प्रदेश के महत्वपूर्ण जिले में कटनी एक है। जिसकी जनसंख्या दस लाख से अधिक है और प्रशासनिक तथा व्यावसायिक केन्द्र के रूप लगातार उन्नति कर रहा है। रेलवे की दृष्टि से प्रदेश में कटनी जंक्शन महत्वपूर्ण स्थान रखता है। इसके बावजूद भी कटनी में पासपोर्ट बनाने के लिए पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केन्द्र स्थापित नहीं किया गया है। जिसके कारण व्यापारियों,छात्र तथा नौकरी के लिए विदेश जाने वाले नवयुवकों को परेशानी का सामना करना पडता है। उन्हें पासपोर्ट बनवाने के लिए जबलपुर व सतना जाना पडता है।

याचिकाकर्ता की तरफ से कहा गया था कि पीओपीएसके योजना का उद्देश्य प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में सस्ती व सुलभ पासपोर्ट सेवा सुनिश्चित करना है। इस योजना का प्रारंभ साल 2017 में किया गया था और 4 सौ से अधिक स्थानों में इस सफलतापूर्ण क्रियान्वयन हो रहा है। कटनी जिले को इस सेवा से वंचित रखा गया है। याचिकाकर्ता ने इस संबंध में विदेश विभाग, डाक विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को अभ्यावेदन दिया गया था। अभ्यावेदन पर कोई कार्यवाही नहीं होने के कारण उक्त याचिका दायर की गयी है। याचिका की सुनवाई करते हुए युगलपीठ ने विदेश विभाग के सचिव सहित अन्य पक्षकारों को नोटिस जारी कर चार सप्ताह में जवाब मांगा है। याचिकाकर्ता की तरफ से अधिवक्ता योगेश सोनी ने पैरवी की।

Next Post

छात्रसंघ चुनाव कराये जाने का मामला हाईकोर्ट पहुंचा, 5 अगस्त तक जवाब देने के निर्देश

Wed Jul 9 , 2025
जबलपुर। विश्व विद्यालयों व महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव कराये जाने को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। एक्टिंग चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा व जस्टिस विनय सराफ की युगलपीठ ने मामले में अनावेदकों को स्ट्रंक्शन प्राप्त कर पांच अगस्त तक जवाब देने के निर्देश दिये है। यह मामला छात्र […]

You May Like