
झाबुआ। श्री जगन्नाथ रथ यात्रा समिति द्वारा 19वीं भगवान श्री जगन्नाथजी की भव्य रथ यात्रा का आयोजन 27 जून को किया गया। रथ यात्रा शाम 5 बजे कॉलेज मार्ग स्थित प्राचीन श्री जगदीश मंदिर से आरंभ हुई। विशेष रथ पर विराजमान होकर भगवान श्री जगन्नाथ के साथ भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा ने शहर भ्रमण किया। रथ यात्रा का नेतृत्व ब्रम्हकुमारी बहनों एवं किन्नर समाज द्वारा किया गया। मातृ शक्तियों ने रथ के आगे झाड़ू लगाई तो रथ को खींचकर अनेकों भक्तजन भगवान के जयकारे लगाते हुए शामिल हुए। रथ यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं की सहभागिता रहीं। यात्रा पश्चात् प्राचीन श्री जगदीश मंदिर पर भगवान की महाआरती की गई। पश्चात् सभी को केसरिया भात का प्रसाद वितरित किया गया।
दो दिवसीय आयोजन रखा
श्री जगन्नाथ रथ यात्रा समिति द्वारा इस वर्ष दो दिवसीय आयोजन 26 एवं 27 जून को किए गए। 26 जून की रात 8 बजे से जगदीश मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन रखा गया। जिसमें श्री सिद्धी विनायक म्यूजिकल आर्केस्ट्रा पार्टी द्वारा संगीतमय भगवान के समधुर भजनों की प्रस्तुति दी गई। जिसमें भजन गायक विरेन्द्रसिंह चौहान एवं पियूष पीठवा ने भजन गाए।
