गुना: शहर में होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, लेकिन खुशियों के इस माहौल में कुछ शरारती तत्वों ने रंग में भंग डालने की भरपूर कोशिश की। शहर के विभिन्न इलाकों में हुड़दंगियों द्वारा उत्पात मचाने और मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे नागरिकों में रोष व्याप्त है।दोपहर करीब डेढ़ बजे बजे शहर की सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल तब देखने को मिला, जब मोटरसाइकिल सवार 2-3 युवक तेज रफ्तार में घूमते हुए महिलाओं और लड़कियों को निशाना बनाने लगे। नेहरू पार्क, हनुमान चौराहा, हाट रोड, सदर बाजार, बैजू चौराहा और कमला बस गैरेज जैसे व्यस्त इलाकों में इन युवकों ने जबरन गुलाल डालकर महिलाओं के साथ अभद्रता की।
प्रत्यक्षदर्शियों ने इन हरकतों पर कड़ी नाराजगी जताई और त्योहार के दौरान पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। जज्जी बस स्टैंड पर भी होली की मस्ती देखते ही देखते विवाद में बदल गई। शुरूआत में लोग मिल-जुलकर होली खेल रहे थे, लेकिन तभी किसी बात को लेकर दो पक्षों में ठन गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और मारपीट पर उतारू हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सिटी कोतवाली क्षेत्र के पठार मोहल्ला से भी हिंसा की खबर आई है। यहाँ अनिल कुशवाह नामक व्यक्ति की दुकान को एक युवक ने निशाना बनाया। घटना के वक्त अनिल की बुजुर्ग माँ दुकान पर अकेली थीं। आरोपी ने दुकान के भीतर घुसकर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, काउंटर और अन्य कीमती सामान को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित पक्ष ने सिटी कोतवाली में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
