मेक्सिको सिटी, 12 जून (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय फ़ुटबॉल महासंघ (फीफा) ने कहा है कि अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में हो रहे 2026 फीफा विश्व कप में दर्शकों की संख्या का पिछला रिकॉर्ड टूट सकता है। मेक्सिको सिटी का एज़्टेका स्टेडियम, जहां गुरुवार को मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच टूर्नामेंट का पहला मैच खेला गया था, 16 वेन्यू में सबसे बड़ा है और इसमें 80,824 दर्शकों के बैठने की क्षमता है। इसके बाद न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में (80,663), डलास स्टेडियम में (70,649) और लॉस एंजिल्स स्टेडियम में (70,492) दर्शकों के बैठने की क्षमता है।
फीफा ने गुरुवार को एक बयान में कहा, “दुनिया भर में अभूतपूर्व मांग को देखते हुए, 1994 फीफा विश्व कप में बने 35 लाख (3.5 मिलियन) दर्शकों के कुल रिकॉर्ड के टूटने की पूरी उम्मीद है।” फुटबॉल के इस बड़े टूर्नामेंट के इस संस्करण में पहली बार 48 टीमें हिस्सा ले रही और कुल 104 मैच खेले जाएंगे। फीफा के अनुसार, अब तक 60 लाख से अधिक टिकट बिक चुके हैं और उम्मीद है कि दुनिया भर में छह अरब लोग इसे टेलीविजन पर देखेंगे।

