
भोपाल। राजधानी में शनिवार को विधायक रामेश्वर शर्मा के युवा सदन कार्यालय में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस आयोजन में हजारों लोग शामिल हुए। समारोह के दौरान फूलों की होली खेली गई और भजनों की धुन पर विधायक रामेश्वर शर्मा भी कार्यकर्ताओं और नागरिकों के साथ झूमते नजर आए।
इस अवसर पर विधायक शर्मा ने कहा कि होली ऐसा पर्व है जब हिंदू समाज एक साथ मिलकर उत्साह और भाईचारे के साथ त्योहार मनाता है तथा सनातन संस्कृति की जय-जयकार करता है। उन्होंने कहा कि हिंदू नववर्ष भी निकट है, जिसे लेकर समाज में उत्साह और उमंग का माहौल है।
उन्होंने बताया कि 14 मार्च को शाम 5 बजे अटल पथ पर भगवा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में सनातन धर्मावलंबी शामिल होंगे। वहीं 18 मार्च को हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा। विधायक शर्मा ने सभी को होली और रंगपंचमी की शुभकामनाएं दीं।
