भारत को लॉर्ड्स में तेजी और उछाल से मात देना चाहता है इंग्लैंड

लंदन, 08 जुलाई (वार्ता) इंग्लैंड ने इस सप्ताह लॉर्ड्स में होने वाले तीसरे टेस्ट के लिए तेज और उछाल भरी ‘जीवंत पिच’ की मांग की है। इस मैच में जॉफ्रा आर्चर और गस ऐटकिंसन की वापसी हो सकती है। इसके साथ ही वे भारत से एजबस्टन में मिली 336 रन की बुरी हार से भी उबरना चाहते हैं।

इंग्लैंड के कोच ब्रेंडन मैकुलम का मानना है कि एजबस्टन में तैयार की गई ‘उपमहाद्वीप जैसी’ पिच और टॉस पर गेंदबाजी चुनने का इंग्लैंड का फैसला भारत के पक्ष में गया। वे गुरुवार से शुरू हो रहे तीसरे टेस्ट में घरेलू हालात का बेहतर फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। वे अपने तेज गेंदबाजी आक्रमण में बदलाव करने पर भी विचार कर रहे हैं क्योंकि इन गेंदबाजों को पिछले दो टेस्ट के दौरान मैदान पर काफी मेहनत करनी पड़ी है।

पिछले महीने लॉर्ड्स में हुए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के दौरान तेज गेंदबाजों का दबदबा दिखा था, जहां पैट कमिंस और कैगिसो रबाडा को अच्छी सीम मूवमेंट मिली थी। मैकुलम ने भी ऐसी ही पिच की मांग की है, जिसमें थोड़ी रफ्तार, उछाल और मूवमेंट हो। उन्होंने कहा, ”यह मैच शानदार होगा, लेकिन अगर पिच में जान रही तो यह और भी जबरदस्त होगा।”

2018 में लॉर्ड्स की हरियाली भरी पिच पर भारत बुरी तरह फंस गया था, लेकिन चार साल पहले टीम ने यहां पर एक रोमांचक टेस्ट मैच भी जीता था। भारत बर्मिंघम में आराम दिए गए जसप्रीत बुमराह की वापसी का इंतजार कर रहा है। वह भी एक अलग तरह की पिच की उम्मीद कर रहा है। उनके कप्तान शुभमन गिल ने कहा, ”देखते हैं लॉर्ड्स में हमें कैसी पिच मिलती है। मेरा अंदाजा है कि यह सपाट नहीं होगी।”

आर्चर ने दूसरे टेस्ट से पहले इंग्लैंड के साथ अभ्यास किया था और पूरी तरह से गेंदबाजी भी की थी। वह पिछले महीने ससेक्स के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में लौटे और धीरे-धीरे अपना वर्कलोड बढ़ा रहे हैं। कोहनी और पीठ की चोटों के चलते वह फरवरी 2021 से टेस्ट क्रिकेट से बाहर हैं। मैकुलम ने इशारा दिया है कि वह वापसी कर सकते हैं।

उन्होंने कहा, ”वह (आर्चर) चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। हमारे तेज गेंदबाज लगातार दो टेस्ट खेल चुके हैं और अब हमें मुख्य मैदान पर जाना है। हम इस मैच के बाद हम स्थिति का आकलन करेंगे। वहीं जोफ्रा फिट हैं, मज़बूत हैं, खेलने के लिए तैयार हैं और वह चयन के दायरे में होंगे। यह हमारे लिए एक उत्साहजनक खबर है। वह टीम के साथ रहकर काफी खुश हैं और उनका टीम के साथ होना शानदार है। उन्होंने काफी चोटें झेली हैं और लंबे समय तक टेस्ट क्रिकेट से दूर रहे हैं। लेकिन हम सभी जानते हैं कि वह टेस्ट क्रिकेट में क्या हासिल कर सकते हैं। हम उम्मीद करते हैं कि उन्हें जो भी अवसर मिलेगा, वह उसमें बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।”

इंग्लैंड के पास गुरुवार से पहले सिर्फ एक पूर्ण अभ्यास सत्र होगा क्योंकि पहले दो टेस्ट में उन्हें कुल 443 ओवर फील्डिंग करनी पड़ी है। उन्होंने मंगलवार का वैकल्पिक अभ्यास सत्र रद्द कर दिया है और ब्राइडन कार्स, जॉश टंग और क्रिस वोक्स के लिए पहली प्राथमिकता उनकी रिकवरी होगी।

जिम्बाब्वे के खिलाफ हैमस्ट्रिंग खिंचाव के बाद एटकिंसन की कमी इंग्लैंड को खली है और उनकी रिकवरी उम्मीद से ज्यादा लंबी रही है। लेकिन उन्हें तीसरे टेस्ट के लिए 16 सदस्यीय दल में शामिल किया गया है, जिसमें आर्चर, सैम कुक और जैमी ओवर्टन भी अतिरिक्त तेज गेंदबाज के रूप में हैं। एटकिंसन का लॉर्ड्स में शानदार रिकॉर्ड रहा है और उन्होंने यहां दो टेस्ट में एक शतक के साथ-साथ 19 विकेट भी लिए हैं।

मैकुलम ने कहा, ”हमें गस को अच्छी तरह देखना होगा। हम देखेंगे इस टेस्ट के बाद उनकी स्थिति क्या रहती है। तेज गेंदबाजों का वर्कलोड बहुत अधिक रहा है। जब आप लंबे समय तक फील्डिंग करते हैं तो स्पेल्स भी लंबे चलते हैं। हम देखेंगे उनका शरीर कैसा महसूस करता है और फिर निर्णय लेंगे।”

इंग्लैंड लॉर्ड्स टेस्ट में जेमी स्मिथ को बल्लेबाज़ी क्रम में ऊपर भेजने की जल्दबाजी नहीं करेगा, भले ही उन्होंने एजबस्टन में नाबाद 184 और 88 रन बनाए हों। मैकुलम ने कहा, ”वे विश्व स्तरीय बल्लेबाज हैं, लेकिन हम उन्हें नंबर-7 पर और विकेटकीपर की भूमिका में लेकर खुश हैं। एडम गिलक्रिस्ट के साथ ऐसा नहीं हुआ, तो हमें स्मिथ के साथ भी ऐसा नहीं करना चाहिए।”

इस टेस्ट मैच के लिए शोएब बशीर को भी बनाए रखा जाएगा। उन्होंने दूसरे टेस्ट में 286 रन देकर 5 विकेट लिए, जो इंग्लैंड टेस्ट इतिहास में तीसरा सबसे महंगा प्रदर्शन है। जैकब बेथेल ने दूसरे टेस्ट में जीतन पटेल के साथ अपनी लेफ्ट आर्म स्पिन पर काम किया, लेकिन मैकुलम ने स्पष्ट किया कि उन्हें ऑलराउंडर नहीं बल्कि अतिरिक्त बल्लेबाज के रूप में देखा जा रहा है।

मैकुलम ने कहा, ”वह एक बल्लेबाजी विकल्प हैं। अगर किसी को कुछ होता है तो वह हमारी अगली पसंद हैं, लेकिन हम जबरदस्ती कुछ नहीं करेंगे। वह खेल से दूर रहते हुए टीम के साथ रहकर अपनी स्पिन पर काम कर रहे हैं, जो कि अच्छी बात है… लेकिन हम बशीर की जगह उन्हें लाने की दिशा में नहीं सोच रहे।”

”बशीर मज़बूत लड़का है। हम जानते हैं कि वह कितने प्रतिभाशाली हैं और उनमें काफी संभावनाएं हैं। वह अभी पूरी तरह तैयार नहीं हैं, लेकिन लगातार बेहतर होते जा रहे हैं। जब भी परिस्थितियां अनुकूल होंगी, वह बड़ा असर डाल सकते हैं।”

 

 

Next Post

सिनर, स्वियाटेक और बेन शेल्टन विम्बलडन के क्वार्टरफाइनल में

Tue Jul 8 , 2025
लंदन, 08 जुलाई (वार्ता) शीर्ष वरीयता प्राप्त जानिक सिनर, नंबर एक महिला खिलाड़ी इगा स्वियाटेक और बेन शेल्टन ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर विम्बलडन टेनिस प्रतियोगिता के क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। हाल के वर्षों में विंबलडन में सबसे आश्चर्यजनक बदलावों में से एक में, सिनर क्वार्टर फाइनल में पहुंच […]

You May Like