
सीहोर। शहर में कानून व्यवस्था और पुलिस गश्त के दावों की पोल खोलते हुए चड्डीधारी चोर गैंग ने एक बार फिर पूरी रात आतंक मचाया. बीती रात पटेल कॉलोनी, बढिय़ाखेड़ी और विजासन धाम कॉलोनी में चोरों ने जमकर उत्पात मचाया. दो मकानों में लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया गया, जबकि कई घरों में सेंधमारी के प्रयास हुए. हैरानी की बात यह है कि लगातार बढ़ रही वारदातों के बावजूद पुलिस अब तक एक भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है, जिससे आम लोगों में भारी आक्रोश है.
जानकारी के अनुसार विजासन धाम कॉलोनी स्थित मेडिकल स्टोर संचालक अमित जायसवाल के मकान को चोरों ने निशाना बनाया. देर रात बदमाश खिड़की की ग्रिल उखाड़कर घर में घुसने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान आहट सुनकर अमित जायसवाल की नींद खुल गई. उन्होंने तत्काल बाहर की लाइट चालू की तो चोर भाग खड़े हुए. पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में तीन संदिग्ध भागते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिनमें दो ने चेहरे नकाब से ढंक रखे थे.
इसी कॉलोनी में रहने वाले पूर्व नपाध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा के छोटे भाई सुरेंद्र सिंह अरोरा उर्फ अप्पी के मकान पर भी चोरों ने धावा बोला. यहां भी दो से तीन बदमाशों ने खिड़की की जाली उखाडऩे का प्रयास किया. सौभाग्य से मकान मालिक की नींद खुल गई और उन्होंने लाइट जलाई तो बदमाश बाउंड्रीवाल फांदकर फरार हो गए. लोगों के अनुसार मोहल्लों में लगे सीसीटीवी कैमरों में करीब पांच चोर दिखाई दिए हैं. सभी ने चड्डी-बनियान पहन रखी थी और उनके हाथों में धारदार हथियार भी नजर आ रहे हैं. इससे साफ है कि बदमाश पूरी तैयारी और बेखौफ अंदाज में वारदातों को अंजाम दे रहे हैं.
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब शहर में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं तो पुलिस गश्त आखिर कहां है. बीते एक पखवाड़े के दौरान आधा दर्जन से अधिक मकानों में चोरी हो चुकी है. इतना ही नहीं करौली माता मंदिर तक को चोरों ने नहीं छोड़ा. बावजूद इसके पुलिस एक भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है. न किसी गैंग की पहचान हुई और न ही किसी भी मामले का कोई आरोपी गिरफ्तार हो सका.
लगातार हो रही वारदातों से शहरवासियों में भय और नाराजगी का माहौल है. लोगों का कहना है कि रात के समय पुलिस की मौजूदगी केवल रिकॉर्ड और बैठकों तक सीमित रह गई है. यदि जल्द ही इस चड्डीधारी गैंग पर शिकंजा नहीं कसा गया तो लोगों का पुलिस व्यवस्था पर बचा-खुचा भरोसा भी खत्म हो जाएगा.
दो लाख की नगदी और 24 लाख के जेवर ले उड़े
बडिय़ाखेड़ी स्कूल के पीछे रहने वाले उमंग विनोदा आत्मज प्यारेलाल के सूने मकान में घुसे चोर लाखों रुपये का माल समेट ले गए. बताया जाता है कि वह अपने माता पिता के साथ पुराना बस स्टैंड स्थिति पुराने मकान पर गुरुवार को रहने गए थे. शनिवार की सुबह जब वह घर पर पहुंचे तो देखा कि ताले टूटे हुए थे. अंदर जाकर देखा तो पाया कि कमरों में रखी अलमारियों के ताले तोड़कर चोर लगभग दो लाख रुपए नगदी के अलावा 24 लाख रुपए कीमत के जेवरात ले जाने में कामयाब हुए थे. उन्होंने पुलिस को सूचना दी. पुलिस अधिकारियों ने मौका मुआयना करते हुए प्रकरण दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है.
परिवार के साथ गए इंदौर, इधर चोरों ने दिखाया कमाल
इसी तरह बढिय़ाखेड़ी निवासी विकास राय आत्मज गौरीशंकर के मकान को भी निशाना बनाया गया, जहां से भी दो लाख रुपये की चोरी होना बताई जा रही है. विकास राय ने बताया कि वह ससुराल में शादी होने के कारण पत्नी के साथ इंदौर गए थे. बीती रात 9 बजे उनके पिताजी घर की बिजली चालू करके गए थे. आज सुबह उन्हें पड़ोसियों ने फोन करते हुए चोरी की जानकारी दी. विकास का कहना है कि उनके घर से चोर लगभग दो लाख रुपए नगदी और चांदी की बिछिया, पायजेब आदि ले गए हैं. थाना कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है.
