उज्जैन: महाकाल की नगरी उज्जैन में विकास की रफ्तार अब सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के साथ और तेज़ होती नजर आ रही है. इसी क्रम में शहर को एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है. कोठी रोड से देवास रोड को जोड़ने वाला आधुनिक फोरलेन मार्ग बनकर तैयार हो चुका है, जिसका लोकार्पण 19 अप्रैल को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे. खास बात यह रहेगी कि मुख्यमंत्री स्वयं इस मार्ग पर पैदल चलकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे, जिससे इसकी गुणवत्ता और उपयोगिता को प्रत्यक्ष रूप से परखा जा सके.
करीब 800 मीटर लंबे इस मार्ग को अत्याधुनिक स्वरूप देते हुए एमआर-10 से जोड़कर विक्रम नगर तक विस्तारित किया गया है. इससे शहर के प्रमुख प्रशासनिक, शैक्षणिक और आवासीय क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा. लगभग 18 करोड़ रुपए की लागत से तैयार यह सड़क आने वाले सिंहस्थ में श्रद्धालुओं और वीआईपी मूवमेंट के लिए महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी.
वीआईपी कॉरिडोर के रूप में किया विकसित
यह मार्ग कलेक्टर- कमिश्नर कार्यालय, जिला न्यायालय, विक्रम विश्वविद्यालय और देवास रोड जैसे अहम स्थानों को जोड़ता है, जिससे इसे वीआईपी कॉरिडोर के रूप में विकसित किया गया है. मार्ग के आसपास स्मार्ट सिटी के तहत संस्कृत विभाग और वीर भारत न्यास के संयुक्त प्रकल्प के रूप में एक संग्रहालय भी आकार ले रहा है, जिसमें उज्जैन के गौरवशाली इतिहास, महापुरुषों और धार्मिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा.
प्रशासनिक संकुल के सामने मंच
लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. सम्राट विक्रमादित्य प्रशासनिक संकुल के सामने मुख्य मंच तैयार किया जा रहा है, जहां से विकास और सिंहस्थ 2028 की रूपरेखा को लेकर संबोधन होगा. पूरे मार्ग को आकर्षक लाइटिंग, रंग-रोगन, हरियाली और सजावटी पौधों से संवारा जा रहा है, ताकि यह मार्ग शहर की नई पहचान बन सके.
मेहता के नाम पर सड़क का नामकरण
इस सड़क का नामकरण भी विशेष महत्व रखता है. नगर निगम की मेयर इन काउंसिल में पारित प्रस्ताव के अनुसार इस मार्ग को प्रख्यात विधिवेत्ता स्व. प्रताप मेहता के नाम से समर्पित किया जाएगा, जिससे शहर के विधिक और सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान को सम्मान मिलेगा.
गूंजेगी शहनाई, मुख्यमंत्री होंगे शामिल
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 19 अप्रैल को उज्जैन आएंगे तो सामूहिक विवाह में भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत विवाह और निकाह कार्यक्रम का आयोजन रखा गया है कार्तिक मेला मैदान पर 100 जोड़ों का विवाह होगा, साथ ही सोमवारीया कम्युनिटी हाल में 12 जोड़ों का निकाह होगा । साथ ही भाजपा नगर कोषाध्यक्ष प्रकाश यादव के निवास हामुखेड़ी पर भी सामूहिक जोड़ों का विवाह समारोह रखा गया है ,यहां पर भजन संध्या और मंदिर का लोकार्पण भी है, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव यहां भी शामिल होंगे।
ग्रीनफील्ड फोरलेन का भूमि पूजन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 19 अप्रैल को उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड फोरलेन एक्सेस कंट्रोल्ड हाईवे का भूमि पूजन भी उज्जैन से वर्चुअल किया जाएगा. यह रतलाम और उज्जैन क्षेत्र के लिए एक बड़ी विकास परियोजना है.
5017 करोड़ की योजना
5017 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली परियोजना का उद्देश्य उज्जैन से जावरा तक यात्रा को आसान बनाना है. ये प्रोजेक्ट इंदौर मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र का हिस्सा है, जिससे उज्जैन, नागदा, खाचरौद और रतलाम जिलों के विकास को गति मिलेगी. यह एक नॉन-एलिवेटेड (जमीन स्तर पर) एक्सेस कंट्रोल्ड फोरलेन होगा,जिसका 2027 तक पूरा होने का लक्ष्य है. इस परियोजना से माल ढुलाई में तेजी आएगी और किसानों व व्यापारियों के लिए राजस्थान-दिल्ली-मुंबई तक पहुंच आसान होगी
