
भोपाल। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ईदगाह हिल्स स्थित परिसर में मुस्लिम महिलाओं ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वास्थ्य, जागरूकता और सामाजिक एकता का संदेश दिया। योग दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास किया।
योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में हुए इस आयोजन में महिलाओं ने योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में शकिला ने योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति का स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा में भी वृद्धि होती है।
धर्म सेवा समिति के राकेश कुकरेजा ने कहा कि योग केवल शारीरिक अभ्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और बेहतर समाज के निर्माण का माध्यम है। उन्होंने सभी लोगों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
संस्था के वरिष्ठ पदाधिकारी भगवान दास ढालिया ने कहा कि मुस्लिम महिलाओं की ओर से आयोजित यह योग कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता और स्वस्थ भारत के संकल्प को मजबूत करने वाला प्रयास है।
वहीं सुरैया बाजी ने कहा कि योग जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक शांति भी प्राप्त होती है। उन्होंने महिलाओं से योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को उत्साह के साथ मनाने का संकल्प लिया।
