जीजा साले समेत 3 की मौत

सतना :जिले में मंगलवार तड़के तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। बिरसिंहपुर-कोटर मार्ग पर डोमहाई गांव के पास हुए हादसे में बाइक सवार जीजा-साले समेत तीन युवकों की मौत हो गई। दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। कार बिजली के खंभे से टकराकर झाड़ियों में जा घुसी। चालक और कार में सवार अन्य लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए

मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं। शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों को सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतकों में जीजा-साले भी शामिल हैं। दुर्घटना के बाद कार सवार लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, लौलाच निवासी सत्यनारायण साकेत (24) सोमवार को बिरसिंहपुर में अपनी ससुराल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। समारोह खत्म होने के बाद वह अपने जीजा हरिलाल हरिजन निवासी पगार और साथी रणधीर सिंह निवासी नई बस्ती, कोलगवां के साथ बाइक से लौट रहा था। तीनों युवक सतना में काम करते थे। मंगलवार तड़के करीब चार बजे वे बिरसिंहपुर-कोटर मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान डोमहाई गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद बिजली के खंभे से भिड़ी कार
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बाइक से टकराने के बाद कार भी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। इसके बाद कार झाड़ियों की ओर जा धंसी। हादसे के बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गए। कार का नंबर MP 19 ZR 8610 बताया गया है।
हादसे में हरिलाल हरिजन और रणधीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल सत्यनारायण साकेत को पुलिस ने तत्काल बिरसिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही सत्यनारायण ने भी दम तोड़ दिया। दुर्घटना में एक मृतक का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने कार जब्त की, फरार लोगों की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस अब फरार चालक और कार में सवार अन्य लोगों की तलाश कर रही है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिजन सतना पहुंच गए। सत्यनारायण का पोस्टमॉर्टम जिला अस्पताल में कराया जाएगा, जबकि हरिलाल और रणधीर के शवों का पोस्टमॉर्टम बिरसिंहपुर में कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Next Post

बोलेरो की टक्कर से छह लोग घायल, दो की हालत नाजुक

Tue Nov 24 , 2026
सिंगरौली: जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र के खटखरी गांव में मंगलवार सुबह वाहन चलाने की लापरवाही ने छह लोगों को अस्पताल पहुंचा दिया। गांव की संकरी सड़क पर बोलेरो की चपेट में आने से एक ही परिवार के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो की […]

You May Like