एम्स्टलवीन, (वार्ता) भारत का एक और ज़बरदस्त और जज़्बे से भरा प्रदर्शन। लेकिन उनका सफ़र यहीं खत्म होता है, क्योंकि सेमीफ़ाइनल में पहुँचने के लिए उन्हें ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ जीत की ज़रूरत थी। भारत ने ऑस्ट्रेलिया से रविवार को गोल रहित ड्रा खेला और इसके साथ ही उसका महिला हॉकी विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया।
भारत को दूसरे दौर में पूल ई के अपने पहले मैच में नीदरलैंड्स से 0-2 से हार झेलने के बाद गहरा झटका लगा था। उसे सेमीफाइनल की उम्मीदों के लिए ऑस्ट्रेलिया से हर हाल में मैच जीतना था। जीतने की कोशिश में भारत ने अंतिम मिनटों में अपने गोलकीपर को भी हटा लिया था और अतिरिक्त स्ट्राइकर मैदान में उतार दिया था ,लेकिन अंत में गतिरोध नहीं टूट पाया।
इससे पहले नीदरलैंड्स ने चीन को 4-1 से हराकर शान के साथ सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। भारत से ड्रा के बाद ऑस्ट्रेलिया ने भी दूसरी टीम के रूप में सेमीफाइनल में जगह बना ली। भारत ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहा और अब वह पांचवें स्थान के लिए खेलेगा। चीन ग्रुप में चौथे स्थान पर रहा और वह अब सातवें स्थान के लिए खेलेगा।
