इंदौर: इंदौर उज्जैन बायपास से गुजर रहे शराब से भरे ट्रक को कनाड़िया पुलिस ने पकड़कर अवैध शराब परिवहन के नेटवर्क का खुलासा किया है. पुलिस ने कार्रवाई में 927 पेटी अवैध शराब, ट्रक और कार के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जब्त माल की कीमत करीब 1.10 करोड़ रुपए बताई जा रही है.
गुरुवार 23 जुलाई को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर कुछ लोग बायपास रोड से निकलने वाले हैं. सूचना पर पुलिस ने एचआर रिसोर्ट बायपास के पास घेराबंदी कर ट्रक नम्बर यूपी 63 बीटी 1468 को रोका. तलाशी लेने पर उसमें शराब की पेटियां मिलीं. पुलिस ने मौके से आकाश पिता लक्ष्मणसिंह अहिरवार उम्र 27 साल निवासी हातोद और राहुल पिता राजू नामदेव उम्र 18 साल निवासी एरोड्रम को गिरफ्तार किया. पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शराब परिवहन में अन्य लोग भी शामिल हैं.
इसके बाद पुलिस ने विजय पिता यशवंत वैष्णव उम्र 36 साल निवासी कामायनी नगर राऊ, दीपांशु पिता दीपकराव सोनोने उम्र 26 साल निवासी मुसाखेड़ी और नीतेश पिता मदन प्रजापति उम्र 23 साल निवासी छावनी को गिरफ्तार किया. इनके पास से शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही हुंडई एक्सेंट कार भी जब्त की गई. आरोपियों के कब्जे से 927 पेटी अवैध शराब (करीब 11,124 लीटर) जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 55 लाख रुपए है. इसके अलावा शराब परिवहन में उपयोगी अशोक लेलैंड ट्रक और हुंडई एक्सेंट कार भी जब्त की गई. कुल जब्ती करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपए की है.
एक आरोपी पर पहले से भी दर्ज हैं मामले
डीसीपी जोन 2 अमन सिंह राठौड़ ने बताया कि जांच में पुलिस को पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी विजय वैष्णव के खिलाफ पूर्व में भी आबकारी सहित अन्य मामले दर्ज हैं. पुलिस अब शराब की खेप के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है
