इंदौर: कनाड़िया पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.75 किलो गांजा और ऑटो रिक्शा जब्त किया है. मामले में पुलिस गांजा सप्लाई करने वाले नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है.बुधवार 22 जुलाई की रात गश्त के दौरान टीपीएस 9 रोड बिचौली हप्सी के पास एक ऑटो रिक्शा संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया. पुलिस को देखकर उसमें बैठे लोग भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया. ऑटो की तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट पर बैठे प्रिंस कौशल उर्फ दादू उम्र 20 साल निवासी भागीरथपुरा और पीछे बैठे अनिल बोरासी उम्र 39 साल निवासी भागीरथपुरा के पास से गांजा मिला. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की.
आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गांजा सप्लाई करने वाले राजेंद्र उर्फ राजू गौतम उम्र 53 साल निवासी बड़वाह को भी गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से 600 ग्राम गांजा जब्त किया. पूछताछ में आरोपी ने अनिल और प्रिंस को गांजा उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की है. पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से कुल 1.75 किलो से अधिक गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपए है. इसके अलावा गांजा परिवहन में इस्तेमाल किया ऑटो रिक्शा भी जब्त कर लिया है. पुलिस अब गांजे के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है.
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार की जा रही कार्रवाई
डीसीपी जोन 2 अमन सिंह राठौड़ ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. गांजा तस्करी में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ के आधार पर सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है
