
ग्वालियर। सांसद भारत सिंह कुशवाह ने रविवार को विक्की फैक्ट्री से एजी ऑफिस पुल तक निर्माणधीन सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान सांसद ने पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि यह सड़क शहर के प्रवेश मार्ग की मुख्य सड़क हैं इसलिए गुणवत्ता और समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए, साथ ही राहगीरों को परेशानी न हो इसका भी ख्याल निर्माण एजेंसी रखें। गौरतलब है कि सांसद भारत सिंह के प्रयासों से विक्की फैक्ट्री से एजी ऑफिस पुल तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ है। यह सड़क बरसात में काफी खुद गई थी जिससे आम राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उक्त सड़क की लंबाई करीब 4.50 किलोमीटर है इसके निर्माण पर करीब 16 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत राशि खर्च की जा रही है। व्हाइट टॉपिंग कार्य के साथ साथ डिवाइडर, हार्ड शोल्डर और नाली निर्माण एवं रोड मार्किंग का कार्य भी किया जाएगा। यह सड़क बरसात में न खुदे और लंबी अवधि तक चले, इसको लेकर इसका निर्माण नवीन व्हाइट टॉपिंग तकनीकी द्वारा किया जा रहा है जिससे यह सड़क 15 से 20 साल तक चल सकती है । रविवार को सांसद भारत सिंह ने स्थल निरीक्षण किया और पीडब्ल्यूडी विभाग एवं निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को निर्देशित किया की निर्माण कार्य में तेजी लाएं और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान जो भी परेशानी आ रही है उसको नगर निगम एवं अन्य विभाग के अधिकारियों के साथ मिल कर निराकरण करें ताकि तय समय में सड़क का निर्माण हो सके। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ डी एस भदोरिया एवं उपयंत्री मौजूद थे।
