चेकिंग के दौरान पिस्टल के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार

इंदौर:पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान एक युवक को अवैध हथियार के साथ पकड़ा है. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने एक व्यक्ति से बदला लेने के लिए पिस्टल खरीदी थी. पुलिस अब हथियार के स्रोत और आरोपी की योजना को लेकर जांच कर रही है.शनिवार की रात नूरानी नगर कब्रिस्तान के पीछे खाली मैदान में हॉटस्पॉट और शेडो एरिया चेकिंग की जा रही थी.

इसी दौरान अंधेरे में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर भागने लगा. पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ईश्वर उर्फ नाना जाट उम्र 47 साल निवासी अकोदिया मंडी, जिला शाजापुर बताया. तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस मिला. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर हथियार जब्त कर लिया है.

चंदन नगर थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि एक व्यक्ति द्वारा उसकी भतीजी को बहला फुसलाकर ले जाने के मामले को लेकर वह बदला लेना चाहता था और इसी उद्देश्य से उसने पिस्टल खरीदी थी. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि वह किससे हथियार लेकर आया था और वारदात की उसकी क्या योजना थी.

Next Post

यूपी टी-20 लीग: मिनी ऑक्शन के बाद छहों टीमों के अंतिम स्क्वाड घोषित

Sun Jul 26 , 2026
लखनऊ, (वार्ता) उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) द्वारा आयोजित यूपी टी-20 लीग के चौथे सत्र के मिनी ऑक्शन के बाद सभी छह फ्रेंचाइजी टीमों ने 18-18 खिलाड़ियों के साथ अपने अंतिम स्क्वाड घोषित कर दिए हैं। अब सभी टीमों का फोकस 14 अगस्त से शुरू होने वाले मुकाबलों पर रहेगा। […]

You May Like