
ग्वालियर। मध्यप्रदेश के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा को समर्पित स्थापना दिवस समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह में प्रदेश की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए विकसित भारत के निर्माण में विकसित मध्यप्रदेश की भूमिका को सशक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया गया। सांसद भारत सिंह कुशवाह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्यजन इस अवसर पर उपस्थित रहे।
*शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा और कृषि में प्रगति का उल्लेख*
समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने प्रदेशवासियों को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बीते दो दशकों में प्रदेश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि के क्षेत्र में सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश की तस्वीर बदली है। तोमर ने कहा कि प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 22 से अधिक मेडिकल कॉलेज शुरू हो चुके हैं तथा इनकी संख्या 40 तक पहुंचाने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने प्रदेश के बिजली उत्पादन में वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि यह लगभग 2,900 मेगावाट से बढ़कर 26 हजार मेगावाट तक पहुंच गया है। कृषि क्षेत्र की प्रगति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों के परिश्रम और कृषि हितैषी नीतियों ने मध्यप्रदेश को कृषि विकास में अग्रणी पहचान दिलाई है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान सम्मान निधि योजनाओं के माध्यम से किसानों को मिलने वाली कुल 12 हजार रुपये की वार्षिक सहायता का भी उल्लेख किया।
*निवेश, रोजगार और महिला सशक्तीकरण पर जोर*
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव जैसे आयोजनों के माध्यम से प्रदेश में निवेश आकर्षित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों से औद्योगिक विकास को गति मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने लाड़ली बहना योजना, ग्रामीण आजीविका मिशन और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। तोमर ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए मध्यप्रदेश को भी विकसित प्रदेश बनाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ना होगा।
*बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से विकास को मिली गति : सांसद कुशवाह*
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्ष 2003 से पहले प्रदेश में बिजली की उपलब्धता और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त विद्युत आपूर्ति जैसी चुनौतियां थीं। बीते वर्षों में बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क सुविधाओं के विस्तार से विकास को नई गति मिली है।
उन्होंने सड़क संपर्क में सुधार से आवागमन सुगम होने की बात कही तथा ग्वालियर में संचालित विकास परियोजनाओं और दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में प्रदेश की प्रगति का उल्लेख किया।
*प्रदेश की विकास यात्रा और सांस्कृतिक विरासत की दिखी झलक*
समारोह में मध्यप्रदेश के गौरवशाली इतिहास, विकास यात्रा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की गई। मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर का स्वागत किया गया। अतिथियों ने विभिन्न आयोजनों का शुभारंभ किया और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर संत कृपाल सिंह महाराज, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया, पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर, मेला प्राधिकरण अध्यक्ष अशोक जादौन, कलेक्टर रुचिका चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
