घरों में चल रही थीं कच्ची शराब की भट्ठियां

देवास। चंदाना-बिंजाना क्षेत्र में केमिकल युक्त नकली शराब की सप्लाई और उससे जुड़े मामलों के सामने आने के बाद पुलिस एवं आबकारी विभाग लगातार अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं।

इसी कड़ी में रविवार को बीएनपी थाना पुलिस ने सियापुरा के सांसी मोहल्ले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कच्ची शराब बनाने के कई ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई से पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। स्थिति यह रही कि पुलिस की भनक लगते ही कई लोग अपने घरों पर ताले लगाकर फरार हो गए, वहीं कुछ लोगों ने पुलिस को देखकर घरों की छतों से शराब और महुआ लहान से भरे ड्रम व कैन नीचे फेंक दिए। देखते ही देखते मोहल्ले की सड़कों और नालियों में शराब तथा महुआ लहान बहता नजर आया।

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने शुरुआत में सांसी मोहल्ले के एक घर में दबिश दी थी। यहां अवैध शराब बनाने की गतिविधियों की शिकायत मिलने पर तलाशी ली गई। शिकायतकर्ता से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को मोहल्ले के अन्य घरों में भी अवैध शराब बनाने की भट्ठियां संचालित होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने एक के बाद एक कई घरों में तलाशी अभियान शुरू किया। कार्रवाई के दौरान कुछ घरों पर ताले लगे मिले। पुलिस ने इन घरों के ताले तुड़वाकर अंदर जांच की तो वहां भी अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उपकरण मिले।

कार्रवाई के दौरान घरों में बड़ी संख्या में ड्रम और कैन मिले, जिनमें कच्ची शराब और महुआ लहान भरा हुआ था। कुछ घरों की छतों पर भी शराब बनाने से संबंधित सामग्री रखी हुई थी। पुलिस की दबिश देखकर कुछ लोगों ने छतों से सामग्री नीचे फेंकी। इसके चलते शराब और महुआ लहान सड़कों पर फैल गया और नालियों में बहने लगा। पुलिस ने मौके पर मिली अवैध शराब, महुआ लहान और शराब बनाने के उपकरणों को नष्ट कराया। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद होने की जानकारी सामने आई है।

देवास के चंदाना-बिंजाना क्षेत्र में केमिकल युक्त नकली शराब की सप्लाई का मामला सामने आने और जहरीली शराब से मौतों की घटनाओं के बाद से ही अवैध शराब के कारोबार को लेकर पुलिस और आबकारी विभाग की सक्रियता बढ़ी है। दोनों विभाग लगातार दबिश देकर अवैध शराब और उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त कर रहे हैं। इसके बावजूद सियापुरा के सांसी मोहल्ले में कई घरों में शराब बनाने के ठिकाने मिलने से अवैध कारोबार की जड़ें कितनी गहरी हैं, यह सवाल खड़ा हो रहा है।

सवाल उठता है कि जब एक ही मोहल्ले में कई घरों में महुआ लहान और कच्ची शराब बनाने की भट्ठियां संचालित हो रही थीं तो इन गतिविधियों की जानकारी संबंधित विभागों तक पहले क्यों नहीं पहुंची? क्या इन ठिकानों पर पहले भी कार्रवाई हुई थी और उसके बावजूद कारोबार फिर शुरू हो गया? चंदाना-बिंजाना क्षेत्र में केमिकल युक्त नकली शराब की सप्लाई का मामला भी इसी खतरे की गंभीरता को उजागर करता है। ऐसे में आबादी के बीच घरों में संचालित अवैध शराब की भट्ठियां कानून-व्यवस्था के साथ लोगों की जिंदगी से जुड़ा गंभीर खतरा है। पुलिस ने मौके से सामग्री नष्ट कर फरार लोगों की तलाश शुरू कर दी है।

Next Post

'डबल इंजन' सरकार से आत्मनिर्भर और विकसित हो रहा मध्यप्रदेश: जल संसाधन मंत्री सिलावट

Sun Nov 1 , 2026
देवास। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन मल्हार स्मृति मंदिर में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर देशभक्ति गीतों और विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में नगर निगम सभापति रवि जैन ने […]

You May Like