
देवास। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन मल्हार स्मृति मंदिर में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर देशभक्ति गीतों और विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में नगर निगम सभापति रवि जैन ने स्वागत संबोधन दिया तथा धनराज परमार ने वंदे मातरम् एवं मध्यप्रदेश गान का सस्वर गायन किया।
विकास और उन्नति के नए आयाम स्थापित कर रहा है मध्यप्रदेश-
जल संसाधन मंत्री सिलावट ने कहा कि आज हम सभी के लिए गौरव, स्वाभिमान और आत्मगौरव का दिन है। यह पावन धरा भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट, भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली उज्जैन, महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग और ओंकारेश्वर की पहचान संजोए हुए है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केंद्र व राज्य की ‘डबल इंजन’ सरकार आत्मनिर्भर और विकसित मध्य प्रदेश के निर्माण के लिए सतत संकल्पित होकर कार्य कर रही है। सरकार का ध्येय है कि विकास की किरण समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि देश की आत्मा गांवों में बसती है और गांवों के समग्र विकास से ही देश का उत्थान संभव है। प्रदेश में ग्रामीण अंचल में पक्की सड़कें, निर्बाध बिजली और घर-घर नल से जल उपलब्ध कराने की दिशा में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।
मंत्री सिलावट ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में लाड़ली बहना योजना मील का पत्थर साबित हुई है, जिससे प्रदेश की सवा करोड़ बहनों सहित देवास की 2 लाख 79 हजार से अधिक बहनों को आर्थिक संबल मिला है। किसानों को किसान सम्मान निधि, किसान कल्याण योजना और फसल बीमा का सीधा लाभ दिया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना, पीएम आवास, संबल योजना तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के माध्यम से बुनियादी ढांचे और मानव संसाधन को सशक्त किया जा रहा है। औद्योगिक विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देवास को इंदौर-भोपाल के साथ महानगरीय विकास (मेट्रोपॉलिटन) क्षेत्र की परिकल्पना में शामिल किया गया है। उन्होंने मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी की टेकरी को नमन करते हुए सभी नागरिकों से जल संरक्षण और पानी के सदुपयोग का आह्वान किया।
देवास विधायक गायत्री राजे पवार ने स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश एक परिपूर्ण और प्रगतिशील राज्य है। सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और कृषि सहित सभी बुनियादी क्षेत्रों में संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। विशेषकर बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा के लिए किए गए प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव आया है। हाटपीपल्या विधायक मनोज चौधरी ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियां युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अग्रसर हैं। उन्होंने मां नर्मदा के आशीर्वाद का उल्लेख करते हुए सभी नागरिकों से जल स्रोतों के संरक्षण और पानी को व्यर्थ न बहाने का संकल्प लेने की अपील की। कार्यक्रम में रायसिंह सेंधव ने भी विचार व्यक्त करते हुए देवास जिले में क्रियान्वित किए जा रहे नवाचारों और शासकीय योजनाओं की जमीनी सफलता की सराहना की।
कृषि क्विज के विजेता, उत्कृष्ट कृषकों एवं मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान-
समारोह में किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित कृषि क्विज के 3 विजेताओं और जिले में आधुनिक एवं उत्कृष्ट खेती करने वाले प्रगतिशील कृषकों को मंच से विशेष प्रोत्साहन देकर सम्मानित किया गया। प्रथम पुरस्कार के तौर पर ग्राम खरदा, तहसील खातेगांव के कृषक मनोहर पंवार को ट्रैक्टर हेतु 6,80,000 रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। द्वितीय पुरस्कार के तौर पर बुलेट हेतु ग्राम तलोद, तहसील सोनकच्छ के कृषक श्री विशाल यशोना को 1,72,444 रुपए की राशि और प्रमाण पत्र दिया गया। तृतीय पुरस्कार के तौर पर स्कूटी हेतु ग्राम रतनखेड़ी, तहसील टोंकखुर्द के कृषक ओमप्रकाश वैष्णव को 1,20,000 रुपए की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत कर सम्मानित किया गया।
समारोह में आत्मा परियोजना एवं नाबार्ड के ‘जीवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत रसायनमुक्त प्राकृतिक खेती को जन-आंदोलन बनाने वाले उत्कृष्ट कृषकों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसमें बागली विकासखंड के ग्राम सालखेतिया निवासी बांकेसिंह कर्मा को बीआरसी केंद्र के सुचारू संचालन और 12 गांवों में किसानों को प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण देने तथा टोंकखुर्द के ग्राम चौबाराधीरा की संगीता कुशवाह को विगत तीन वर्षों से प्राकृतिक सब्जी उत्पादन कर विक्रय केंद्र संचालित करने व ग्रामीण महिलाओं को प्रेरित करने के लिए सम्मानित किया गया। वहीं नाबार्ड के सहयोग से मगरादेह (बागली) की मसरी बाई मुजाल्दे और ललिता बाई वास्केल को ए-ग्रेड मॉडल अपनाकर जैविक आदानों, जीवामृत व नीमास्त्र के जरिए मिट्टी की सेहत सुधारने, सिंचाई अंतराल बढ़ाने और रसायनमुक्त खेती से आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज करने पर मंच से सम्मानित किया गया। कृषि को नवाचारों से जोड़कर लाभ का व्यवसाय बनाने वाले उद्यानिकी विभाग के चिन्हित प्रगतिशील कृषकों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति प्रतियोगिता के मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार राशि एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन अरविंद त्रिवेदी ने किया।
जनसंपर्क एवं कृषि विभाग की प्रदर्शनी का शुभारंभ व अवलोकन-
मुख्य अतिथि मंत्री सिलावट एवं मंचासीन जनप्रतिनिधियों ने मल्हार स्मृति मंदिर परिसर में 1 से 3 नवंबर तक आयोजित होने वाली तीन दिवसीय विशेष प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। अतिथियों ने जनसंपर्क विभाग द्वारा राज्य शासन की जनकल्याणकारी नीतियों, फ्लैगशिप योजनाओं एवं ऐतिहासिक उपलब्धियों पर केंद्रित आकर्षक चित्र प्रदर्शनी तथा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा उन्नत कृषि अनुसंधानों, आधुनिक यंत्रों और स्थानीय जैविक उत्पादों पर लगाई गई प्रदर्शनी का सूक्ष्मता से अवलोकन किया और किसानों के नवाचारों की प्रशंसा की।
