जयपुर 08 मई (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित भाजपा के कई नेताओं ने सुवेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल के नेता चुने जाने पर शुभकामनाएं दी हैं।
श्री शर्मा ने कहा, “मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके नेतृत्व, संगठनात्मक अनुभव एवं जनसेवा के प्रति समर्पण से पश्चिम बंगाल में विकास, सुशासन एवं जनकल्याण को नई दिशा मिलेगी।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सहयोग से पश्चिम बंगाल में ‘सोनार बांग्ला’ का संकल्प निश्चित रूप से सिद्ध होगा।
श्री देवनानी ने श्री अधिकारी के कार्यकाल में पश्चिम बंगाल लोकतांत्रिक मूल्यों और सुशासन की स्थापना के साथ प्रदेश के सांस्कृतिक और भौतिक विकास के आदर्श मानदंड स्थापित करने की मंगलकामना की।
इसी तरह भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा हरियाणा प्रभारी डॉ. सतीश पूनियां, उपमुख्यमंत्री दियाकुमारी तथा डाॅ. प्रेम चंद बैरवा सहित पार्टी के कई नेताओं ने श्री अधिकारी को पश्चिम बंगाल भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
