तेल अवीव, 26 फरवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इजराइल की दो दिन की ऐतिहासिक यात्रा के बाद गुरुवार शाम स्वदेश रवाना हो गये।
इजरायल के प्रधानमंत्री श्री मोदी को विदा करने खुद विमान तल तक आये थे। उनके साथ उनकी पत्नी भी मौजूद थीं।
प्रधानमंत्री की इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच 17 करार और 10 घोषणाएं की गयीं। वह बुधवार को इजराइल की संसद नेसेट को संबोधित करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री बने और उन्हें इजराइली संसद के ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ से सम्मानित किया गया।
श्री मोदी ने इजराइल से प्रस्थान करने से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “गर्मजोशी और स्नेह से स्वागत के लिए इजराइल का आभार। प्रधानमंत्री नेतन्याहू और श्रीमती नेतन्याहू ने जिस तरह मुझे हवाई अड्डे पर आकर विदा किया उससे मैं अभिभूत हूं। मुझे विश्वास है कि भारत और इजराइल की साझेदारी आने वाले वर्षों में लगातार ऊंचाइयों को छुएगी।”
उन्होंने इस पोस्ट के साथ विमान तल की कुछ तस्वीरें भी साझा की हैं।
