लद्दाख में 3,350 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे मोदी

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, परियोजनाओं का उद्घाटन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा। इस दौरान श्री मोदी जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में संपर्क, ऊर्जा बुनियादी ढांचे और जल सुरक्षा को मजबूत करने के साथ सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करना है।

श्री मोदी लेह के कुशोक बकुला रिनपोछे हवाई अड्डे के 640 करोड़ रुपये की लागत से बने नए यात्री टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। सालाना 35 लाख यात्रियों की क्षमता वाला यह टर्मिनल आधुनिक सुविधाओं और भू-तापीय ऊर्जा तकनीक से लैस है।

वह 298 किलोमीटर लंबी निमू-पदुम-दरचा सड़क राष्ट्र को समर्पित करेंगे। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा निर्मित यह सड़क जांस्कर घाटी के रास्ते लेह को हिमाचल प्रदेश के दरचा से जोड़ती है और लद्दाख के लिए एक वैकल्पिक हर मौसम में चलने योग्य मार्ग उपलब्ध कराती है।

इसके अलावा, नौ मेगावाट की हानू लघु जलविद्युत परियोजना और 66 केवी की दाह-हानू-खलत्सी ट्रांसमिशन लाइन का उद्घाटन किया जाएगा। लेह के सिंधु घाट पर देश के पहले पेट्रोग्लिफ संरक्षण पार्क का भी उद्घाटन होगा, जहां प्राचीन शैलचित्रों और उत्कीर्ण आकृतियों को संरक्षित किया जाएगा।

श्री मोदी ‘प्रोजेक्ट हिम सरोवर’ के तहत 40 गांवों में विकसित 40 जल निकायों का भी उद्घाटन करेंगे। इस पहल का उद्देश्य जल संरक्षण, सिंचाई और कृषि आजीविका को बढ़ावा देकर क्षेत्र में दीर्घकालिक जल सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Next Post

यमन में ढाई महीने से कम समय में 2.17 लाख से अधिक लोग विस्थापित: आईओएम

Thu Oct 15 , 2026
अदन, (वार्ता) यमन में पश्चिमी तट पर तेज होती लड़ाई के बीच एक अगस्त से 12 अक्टूबर 2026 तक 2.17 लाख से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (आईओएम) ने यह जानकारी देते हुए चेतावनी दी कि जारी संघर्ष से मानवीय संकट और गहरा सकता है। आईओएम के […]

You May Like