
जबलपुर। विश्व हिंदू परिषद् महाकोशल प्रांत के गौरक्षा विभाग के नेतृत्व में गुरूवार को जबलपुर में रानी दुर्गावती जिला, नर्मदा जिला एवं आयुध जिला के कार्यकर्ताओं द्वारा नगर निगम कमिश्नर के नाम अधिकारी को गौवंश संरक्षण से संबंधित 7 सूत्रीय मांगों का विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में गौवंश की दयनीय स्थिति, बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं, घायल गौवंश के उपचार में लापरवाही तथा गौशालाओं की अव्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने मांग की कि माँ नर्मदा साई सेवा समिति के कार्यों में अनियमितता की जांच कर उसका अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाए, घायल एवं असहाय गौवंश के लिए 24 घंटे नि:शुल्क वाहन संचालन सुनिश्चित किया जाए, सड़कों पर विचरण कर रहे गौवंश को सुरक्षित गोशालाओं/कांजी हाउस में व्यवस्थित रूप से स्थानांतरित किया जाए। इस अवसर पर संजय तिवारी, पंकज श्रीवात्री, सुमित सिंह ठाकुर, राकेश सिंह, नवीन सिंह राजपूत, अजय चौरसिया, विशाल नामदेव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
