यूरोपीय संघ के रक्षा मंत्रियों ने पांच अखिल-यूरोपीय रक्षा परियोजनाओं को मंजूरी दी

ब्रसेल्स, 28 सितंबर (वार्ता) यूरोपीय संघ के सदस्य देशों ने सोमवार को अंतरिक्ष, समुद्री सुरक्षा, वायु एवं मिसाइल रक्षा तथा ड्रोन युद्ध समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी पांच अखिल-यूरोपीय रक्षा परियोजनाओं को मंजूरी दे दी। इसके साथ ही ये परियोजनाएं यूरोपीय संघ के वित्त पोषण के लिए पात्र हो गयी हैं।

इन परियोजनाओं को यूरोपीय रक्षा सामान्य हित परियोजनाएं (ईडीपीसीआई) कहा जाता है। इनका उद्देश्य यूरोपीय संघ के सदस्य देशों को ऐसी रक्षा क्षमताएं विकसित करने के लिए सहयोग करना है, जिन्हें कोई एक देश अकेले विकसित करने में सक्षम नहीं है या जिनके विकास के लिए बहुत अधिक संसाधनों और तकनीकी क्षमता की आवश्यकता है।

मंजूर की गयी परियोजनाओं में ड्रोन और ड्रोन-रोधी क्षमताओं, यूरोप के पूर्वी हिस्से की सुरक्षा, एकीकृत समुद्री एवं समुद्र तल रक्षा, वायु एवं मिसाइल रक्षा तथा प्रारंभिक चेतावनी और अंतरिक्ष आधारित रक्षा से संबंधित पहल शामिल हैं।

यूरोपीय संघ की परिषद की वर्तमान घूर्णन अध्यक्षता कर रहे आयरलैंड ने कहा कि इन परियोजनाओं में नॉर्वे और यूक्रेन के साथ भी सहयोग किया जाएगा।

आयरलैंड की रक्षा मंत्री हेलेन मैकएन्टी ने कहा, “अपने साझेदारों नॉर्वे और यूक्रेन के साथ मिलकर हम अंतरिक्ष, अपने आसमान, समुद्र, समुद्र के नीचे की केबल और उन पर निर्भर अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए निर्णायक कदम उठा रहे हैं।”

यूरोपीय संघ के यूरोपीय रक्षा उद्योग कार्यक्रम के तहत इन परियोजनाओं के लिए 325 मिलियन यूरो (लगभग 370 मिलियन डॉलर) आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा अतिरिक्त वित्त पोषण भी उपलब्ध कराया जा सकता है।

इस बीच, यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कालास ने रूस की युद्ध क्षमता के वित्त पोषण को सीमित करने के लिए और कदम उठाने का आह्वान किया। उन्होंने रूस के तथाकथित ‘शैडो फ्लीट’ के खिलाफ कार्रवाई बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

यूरोपीय संघ के रक्षा मंत्रियों की बैठक के बाद सुश्री कालास ने कहा, “हाल के महीनों में यूरोपीय संघ के नौसैनिक अभियान आईआरआईएनआई ने संदिग्ध छह जहाजों पर चढ़कर उनकी जांच की है, जिससे वह बोर्डिंग अभियानों में प्रमुख भूमिका निभाने वाला पक्ष बन गया है।” उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ के इस अभियान के साथ-साथ सदस्य देशों को अपने स्तर पर जहाजों पर चढ़कर जांच की कार्रवाई जारी रखनी चाहिए।

सुश्री कालास ने अधिक निकट समन्वय तथा मौजूदा कानूनी ढांचे का इस्तेमाल करते हुए जहाजों की जांच और उन्हें जब्त करने की कार्रवाई का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रूस द्वारा कथित तोड़फोड़, आगजनी और हवाई क्षेत्र के उल्लंघन की घटनाएं जारी हैं। यूरोपीय संघ की ओर से इन गतिविधियों में शामिल होने के आरोप वाले लोगों पर प्रतिबंध लगाने और रूसी राजनयिकों को निष्कासित करने जैसे कदम उठाए गए हैं।

यूरोपीय संघ के मंत्रियों ने कथित ‘ग्रे-जोन’ या हाइब्रिड हमलों के खिलाफ प्रतिक्रिया में समन्वय के लिए एक नए आपातकालीन सुरक्षा प्रोटोकॉल की संभावना पर भी चर्चा की। कालास ने कहा कि ऐसी व्यवस्था यूरोपीय संघ की मौजूदा पारस्परिक सहायता व्यवस्था और नाटो की व्यवस्थाओं की पूरक होगी, उनका स्थान नहीं लेगी।

 

 

Next Post

प्लेटफॉर्म 3 रहेगा बंद, 4 ट्रेनें नहीं जाएंगी

Mon Sep 28 , 2026
जबलपुर। कोटा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 के पुनर्विकास कार्य के चलते 29 सितंबर से 18 अक्टूबर तक 20 दिन का ब्लॉक रहेगा। इस दौरान प्लेटफॉर्म-3 ट्रेनों के संचालन के लिए उपलब्ध नहीं रहेगा। आवश्यकता के अनुसार अन्य ट्रेनों को प्लेटफॉर्म नंबर 4, 2, 1, 1-ए अथवा उपलब्ध प्लेटफॉर्म से […]

You May Like