
जबलपुर। कोटा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 के पुनर्विकास कार्य के चलते 29 सितंबर से 18 अक्टूबर तक 20 दिन का ब्लॉक रहेगा। इस दौरान प्लेटफॉर्म-3 ट्रेनों के संचालन के लिए उपलब्ध नहीं रहेगा। आवश्यकता के अनुसार अन्य ट्रेनों को प्लेटफॉर्म नंबर 4, 2, 1, 1-ए अथवा उपलब्ध प्लेटफॉर्म से चलाया जाएगा। ब्लॉक के चलते जोधपुर-भोपाल (14813), भोपाल-जोधपुर (14814), जबलपुर-अजमेर (12181) और अजमेर-जबलपुर (12182) परिवर्तित मार्ग गुडला–कोटा चंबल केबिन–सोगरिया होकर चलेंगी और कोटा स्टेशन नहीं आएंगी।
इन ट्रेनों का सोगरिया स्टेशन पर अस्थायी ठहराव रहेगा। इसके अलावा इटावा-कोटा (19812), इंदौर-कोटा (22984) और बीना-कोटा (61634) की यात्रा कोटा के बजाय सोगरिया स्टेशन पर समाप्त होगी, जबकि कोटा-बीना (61633) सोगरिया से प्रारंभ होगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ब्लॉक अवधि में यात्रा से पहले ट्रेनों के संचालन और प्लेटफॉर्म की अद्यतन जानकारी एनटीईएस, रेल मदद 139 या स्टेशन सूचना प्रणाली से प्राप्त कर लें।
