
भोपाल। सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 के अवसर पर गुरुवार को न्यू मार्केट स्थित टॉप एन टाउन के सामने दूरसंचार विभाग (एमपी एलएसए), सीसीए कार्यालय एवं बीएसएनएल द्वारा संयुक्त रूप से एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य विषय था नागरिकों को साइबर धोखाधड़ी से बचाना एवं सुशासन में सतर्कता को बढ़ावा देना।” नाटक के माध्यम से दूरसंचार विभाग और बीएसएनएल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने साइबर सुरक्षा, जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार और सरकारी पहलों के बारे में जनजागरूकता संदेश दिए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित लोगों के बीच साइबर सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए और ‘संचार साथी’ ऐप की जानकारी साझा की गई, जिससे लोग साइबर अपराधों की शिकायतें आसानी से दर्ज कर सकें।
नई मार्केट व्यापारी संघ ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी आयोजन जारी रखने की अपील की।
इस अवसर पर अपर महानिदेशक, दूरसंचार विभाग रामजी तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर धोखाधड़ी एक गंभीर चुनौती बन चुकी है, ऐसे में हर नागरिक को डिजिटल सतर्कता अपनाना चाहिए। उन्होंने संचार साथी ऐप के उपयोग को बढ़ाने पर बल दिया।
