
ब्यावरा। मुल्तानपुरा स्थित मधुमिलन फेक्ट्री के समीप सोमवार की देर शाम को एक टेंट हाऊस के गोदाम एवं कार एसेसरीज की दुकान में लगी भीषण आग में लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया. भीषण आग को बुझाने 5 दमकलों को लगभग 4 घंटे का समय लगा.
उल्लेखनीय है कि मधुमिलन फेक्ट्री के समीप मनोज पालीवाल के मकान में स्थित उनके टेंट हाउस के गोदाम एवं समीप किराए से दे रखी कार एसेसरीज की दुकान में सोमवार की शाम 7 बजे के आसपास एकाएक आग सुलग उठी थी. देखते ही देखते आग ने भयावह रुप ले लिया. काफी मशक्कत के बाद रात्रि करीब 11 बजे आग पर काबू पाया जा सका.
5 से 7 राउंड लगे दमकलों के
ब्यावरा नपा की दो दकमल सहित पचोर, नरसिंहगढ़, राजगढ़, सुठालिया नगर पालिका की दमकले भी आग बुझाने में जुटी रही. आग बुझाने के दौरान पानी लाने के लिए दमकले दौड़ती रही. प्रत्येक दमकल द्वारा वाटर वक्र्स से पानी लाने के लिए 5 से 7 राउंड लगाए गये. काफी मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका.
कीमती सामान हुआ नष्ट
आगजनी में काफी नुकसान होने की जानकारी है. लाखों रुपये का सामान व सामग्री आग में सुलग गये. यहां रखे टेंट के कीमती सामान सुलग गये. ऊंची-ऊंची लपटे आग की भयावहता को बता रही थी.
घर गृहस्थी का सामान भी नष्ट
गोदाम एवं दुकान वाले दो मंजिला मकान के ऊपरी तल पर रहने का निवास हैै. धुआं उठता देख परिवार के लोग तुरंत वहां से सुरक्षित बाहर निकल आये. देखते ही देखते गोदाम, दुकान से आग फैलते हुए ऊपरी मंजिल तक जा पहुंची. आगजनी के कारण मकान में मौजूद फ्रीज, एसी सहित अनेक कीमती सामान, घर ग्रहस्थी का सामान आग में नष्ट हो गया.
