बेरूत, 04 अक्टूबर (स्पुतनिक/वार्ता) फ़िलिस्तीनी संगठन हमास ने अमेरिकी प्रशासन और इज़रायल के साथ बातचीत में शामिल अन्य मध्यस्थों से कहा कि वे इज़रायल को गाज़ा पट्टी में हुए युद्धविराम समझौते के दौरान फ़िलिस्तीनी इलाक़ों पर हमले जारी रखने से रोकें।हमास ने शनिवार को एक बयान में कहा, “हम मध्यस्थों और अमेरिकी प्रशासन से अपील करते हैं कि वे इज़रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को युद्धविराम समझौते का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर हत्याएं जारी रखने के बहाने के तौर पर न करने दें।”
स्थानीय चिकित्सा सेवाओं के अनुसार, शनिवार को गाज़ा शहर में एक रिहायशी इमारत पर इज़रायली हवाई हमले में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें चार महिलाएं शामिल थीं। हालांकि इज़रायली सेना ने इस हमले पर कोई टिप्पणी नहीं की।
उल्लेखनीय है कि नौ अक्टूबर 2025 को, मिस्र, कतर, अमेरिका और तुर्की की मध्यस्थता से इज़रायल और हमास, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पेश की गई शांति योजना के पहले चरण को लागू करने पर सहमत हुए। अगले दिन, गाज़ा पट्टी में युद्धविराम लागू हो गया। समझौते के अनुसार, इज़रायली सैनिक तथाकथित ‘येलो लाइन’ तक पीछे हट गए लेकिन उन्होंने गाजा पट्टी के 50 प्रतिशत से ज़्यादा इलाके पर अपना नियंत्रण बनाए रखा।
