हरिद्वार, 04 अक्टूबर (वार्ता) उत्तराखंड में हरिद्वार के गोवर्धनपुर चौकी पुलिस की जांच के दौरान रविवार तड़के एक संदिग्ध टेंपो चालक ने पुलिस टीम को टक्कर मारने का प्रयास किया और मौके से फरार हो गया। पुलिस के पीछा करने पर चालक ने गन्ने के खेत में घुसकर पुलिस टीम पर गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोवर्धनपुर चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ शाहीपुर तिराहे पर जांच कर रहे थे। इसी दौरान सिकंदरपुर की ओर से एक संदिग्ध टेंपो आता दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने टेंपो को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने कथित तौर पर टेंपो पुलिस टीम पर चढ़ाने का प्रयास किया और खानपुर की ओर भाग निकला। चौकी प्रभारी ने तत्काल इसकी सूचना प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खानपुर को दी।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके के लिए रवाना हुए। पुलिस टीम ने धर्मपुर मार्ग पर श्मशान घाट के समीप टेंपो को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान चालक टेंपो को सड़क पर छोड़कर गन्ने के खेत में घुस गया। पुलिस के अनुसार, खेत के अंदर से आरोपी ने पुलिस टीम पर गोलीबारी की और जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
घायल को तत्काल सीएचसी लक्सर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे उप जिला चिकित्सालय रुड़की स्थानांतरित कर दिया। उपचार के दौरान आरोपी ने अपना नाम आरिफ पुत्र खलील निवासी तोड़ा जलालपुर, कोतवाली रुड़की बताया। उपचार के दौरान आरोपी ने अपना नाम आरिफ पुत्र खलील निवासी तोड़ा जलालपुर कोतवाली रुड़की बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
