जबलपुर: प्राइवेट अस्पतालों, प्राइवेट पैथोलॉजी व एम्बुलेंस माफियाओं द्वारा की जा रही लूट खसोट व जबरन वसूली के खिलाफ युवा कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया। सीएमएचओ कार्यालय का घेराव कर कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया।कांग्रेस युवा नेता विजय रजक ने बताया कि केंद्र की व प्रदेश की सरकार द्वारा लगातार गरीबों के इलाज के लिए सरकारी योजनाओं का निर्माण कर संचालित किया जा रहा है इसी योजना के अंतर्गत सबसे बड़ी सहायक नि:शुल्क इलाज योजना आयुष्मान भी आती है लेकिन सरकार के नियमों को दरकिनार कर जबलपुर शहर के लगभग सभी आयुष्मान से इलाज करने की पात्रता प्राप्त अस्पतालों द्वारा आयुष्मान कार्ड के नाम पर मरीजों को भर्ती किया जाता है लेकिन इलाज के दौरान उनसे बीमारी की कैटेगिरी के हिसाब से बीस हजार से लेकर दो लाख रुपये तक अतिरिक्त रुपए भी वसूल किए जाते हैं, और जिसका किसी भी प्रकार का कोई बिल या लिखित पावती नहीं दी जाती जिसमे मुख्य रूप से अभी मेट्रो, अपोलो, भंडारी, हार्ट इनफिनिटी, आदि शंकर, आदित्य, गैलेक्सी अस्पताल की मरीजों से प्राप्त पैसे लेने की शिकायत के आधार पर शिकायत की गई हैं। इसके अलावा ये अस्पताल संचालक दवा कंपनियों से सांठगांठ कर ऐसी दवाएं अस्पतालों में मनमाने दामो पर बेच रहे जो बाहर कही भी नही मिलती।
सरकारी अस्पतालों में संचालित एंबुलेंस सेवाओं द्वारा मोटे कमीशन लेकर सरकारी अस्पताल से मरीजों को गुमराह कर प्राइवेट अस्पतालों में भेजा जा रहा है जिसके बदले प्राइवेट अस्पतालों द्वारा उन्हें मोटी रकम दी जा रही है। साथ ही पूरे शहर में प्राइवेट पैथोलॉजी द्वारा गली-गली मोहल्ले मोहल्ले डॉक्टर को 50 प्रतिशत कमीशन देकर जबरन जांच लिखने को मजबूत कर रहे हैं। प्राइवेट अस्पतालों, पैथोलॉजी सेंटरो और एंबुलेंस संचालकों के द्वारा पूरे शहर में आम आदमी को लूटा जा रहा है और जिला प्रशासन में बैठे जिम्मेदार लोग मौन बने इस कार्य को देख रहे हैं। कांग्रेसियों ने विक्टोरिया स्थित मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ नवीन कोठारी को ज्ञापन सौपा। संगठन ने जल्द इन सभी बिंदुओं पर एक कमेटी बनाकर ठोस कदम उठाए जाने और आयुष्मान धारकों को लूटने वाली अस्पतालों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान विजय रजक, सौरभ शर्मा, विनय सक्सेना, दिनेश यादव, सम्मति सैनी, संगीता सिंह, अजय रावत, गुड्डू नवी, सिद्धांत जैन, मेवा लाल, कौशल यादव, शुभम रजक, वंदना मेहरा, सचिन रजक, मोहसिन खान, सुमित गुप्ता, पंकज पटेल, अमित मिश्रा, मोहित सुफेले, एजाज अंसारी, अरशद अली, नीलेश महार, मुख्तार अंसारी, रम्बल विश्वकर्मा आदि काँग्रेस जन उपस्थित थे।
