
ग्वालियर। एक महिला के ‘लड्डू गोपाल’ पांच महीने से लापता हैं. वो उन्हें ढूंढने के लिए लगातार कोशिश कर रही है. व्यक्तिगत आस्था का मामला इतना बढ़ गया है कि पुलिस ने मूर्ति की तलाश के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन कर दिया है. महिला का नाम विजया शर्मा है. वो अलकापुरी इलाके की रहने वाली हैं. 29 जनवरी को अपनी बहन के साथ कुछ खरीदारी करने बाजार गई थीं. साथ में लड्डू गोपाल भी थे. कई भक्तजन अपने आराध्य की मूर्ति साथ लेकर जाते हैं. अकेला घर पर नहीं छोड़ते. विजया भी ऐसी ही भक्त हैं. जहां जाती हैं लड्डू गोपाल को साथ लेकर ही जाती हैं. लेकिन इस बार विजया तो घर लौटीं, लेकिन लड्डू गोपाल कहीं छूट गए. महिला का कहना है कि बाजार में खरीदारी के दौरान किसी ठेले पर. जब उन्हें ये अहसास हुआ, तो वो दोबारा बाजार गईं. मगर उन्हें मूर्ति कहीं मिली नहीं. कई दिनों तक उनकी तलाश करती रहीं. इधर-उधर ढूंढती रहीं. लेकिन जब कुछ नहीं हुआ, तो मदद के लिए पुलिस के पास गईं. बताया कि मूर्ति को थोड़ी चोट लगी है. पुलिस थाने में विजया ने एक और गुजारिश की. वो ये कि मामले में औपचारिक एफआईआर दर्ज ना की जाए. अगर कानूनी प्रक्रिया शुरू हुई, तो उनके भगवान को पुलिस थाने या अदालत में पेश करना पड़ सकता है. विजया शर्मा का कहना है कि वो अपने भगवान को ऐसी परेशानी में नहीं डालना चाहतीं. उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि किसी तरह उनके लड्डू गोपाल उन्हें वापस मिल जाएं.
आमतौर पर एसआईटी का गठन हत्या, बड़े अपराध, आर्थिक घोटाले या बेहद ट्विस्टेड मामलों में किया जाता है. लेकिन इस मामले में पुलिस का कहना है कि यहां महिला की गहरी धार्मिक आस्था और भावनाओं का सवाल जुड़ा हुआ है. इसी वजह से पुलिस इसे गंभीरता से ले रही है.
