तेज रफ्तार कार पलटने से दो युवक घायल

ग्वालियर। डबरा नगर के बल्ला का डेरा क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है। कार के एयरबैग खुलने से दोनों युवकों की जान बच गई।

कार में दीपेंद्र पुत्र गजराज सिंह (निवासी गणेश कॉलोनी) और सुमित पुत्र रामबाबू दुबे (निवासी पिछोर) सवार थे। दोनों युवक दतिया की तरफ से आ रहे थे।

बल्ला का डेरा क्षेत्र के पास कार तेज रफ्तार में होने के कारण चालक उस पर नियंत्रण नहीं रख सका। कार डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई और सर्विस रोड पर जा पहुंची। इसी दौरान गाड़ी के एयरबैग खुल गए।

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को कार से बाहर निकाला। उनके सिरों पर चोटें होने के कारण लोगों ने कपड़ों से उनके सिर बांधे। दोनों युवकों को तुरंत डबरा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया। सिर में गंभीर चोटों के चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।

हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। कुछ लोगों का कहना है कि अचानक कोई गाय सामने आ जाने के कारण गाड़ी अनियंत्रित हुई। इस पूरे हादसे में सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि गाड़ी के दोनों एयरबैग खुल गए, जिससे दोनों युवकों की जान बच गई।

Next Post

छत्री मैदान में धूमधाम से हुआ 11 बेटियों का विवाह

Wed Mar 11 , 2026
ग्वालियर। लाल जोड़े में सजी-धजी वधुएं और सूट-बूट में इठलाते दूल्हे, डीजे पर बजते मांगलिक गीत, आसमान मेें उड़ती गुलाल की पंखुड़ियां। सामाजिक लोक जनआस्था ग्रुप के तत्वावधान में छत्री मैदान में बुधवार को आयोजित हुए निशुल्क 11 बेटियों के सामुहिक विवाह समारोह में कुछ ऐसा ही माहौल नजर आया। […]

You May Like