राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में युवा नवप्रवर्तकों ने दिखाया नवाचार का दम

भोपाल: क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान, श्यामला हिल्स में चल रही राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में देशभर से आए सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया है। प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की इस प्रदर्शनी में विभिन्न राज्यों का प्रतिनिधित्व कर रहे इन नन्हे वैज्ञानिकों ने अपने-अपने अभिनव प्रयोगों और प्रोजेक्ट्स का प्रदर्शन किया, जिसने भोपाल के विद्यार्थियों एवं आगंतुकों को खूब आकर्षित किया।

प्रदर्शनी में 200 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें देश के विभिन्न राज्यों से आए कक्षा 10वीं और 11वीं के विद्यार्थियों ने अपने वैज्ञानिक मॉडल और शोध कार्य प्रस्तुत किए। प्रतिभागी छात्रों को एक-दूसरे से विचार-विमर्श करते और अपने वैज्ञानिक अनुभव साझा करते भी देखा गया, जिससे सीखने और सहयोग का जीवंत माहौल बना हुआ है।

प्रदर्शनी के आकर्षण का केंद्र बने “उभयचर वाहन” यह मॉडल बेल स्कूल इंटरनेशनल के कक्षा 10 के विद्यार्थियों आदित्य शॉ और अग्रिम चावला ने तैयार किया है। यह विशेष वाहन प्राकृतिक आपदाओं जैसे भूकंप और बाढ़ की स्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो सकता है। इसमें लगा 360-डिग्री कैमरा प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी को बेहद आसान बनाता है। इसके माध्यम से ऊर्जा कैप्सूल और आवश्यक चिकित्सीय सहायता उन स्थानों तक पहुंचाई जा सकती है, जहां सामान्यत: पहुंचना मुश्किल होता है।

इन युवा नवप्रवर्तकों ने बताया कि जहां पारंपरिक रेस्क्यू ऑपरेशन को 10 दिनों से अधिक लग जाते हैं, वहीं उनके इस मॉडल की मदद से केवल 5 दिनों में ही महत्वपूर्ण सहायताएं पहुंचाकर कई जिंदगियों को बचाया जा सकता है। हर प्रकार की मिट्टी, पानी और अनियमित भूमि पर चलने योग्य यह उभयचर वाहन एआई-आधारित मैपिंग के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में संभावित बीमारियों और समस्याओं का पता लगाकर समय रहते रोकथाम के उपाय करने में भी सक्षम है।

आदित्य शॉ और अग्रिम चावला ने अपनी गाइड शिक्षिका वीना खन्ना का विशेष आभार व्यक्त किया, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से यह परियोजना संभव हो पाई।

Next Post

कलेक्टर कार्यालय में 10 कर्मचारी अनुपस्थित मिले, सभी को नोटिस 

Thu Nov 20 , 2025
नीमच। कलेक्टर कार्यालय में गुरुवार दोपहर अतिरिक्त कलेक्टर बीएस कलेश के अचानक निरीक्षण से पूरे दफ्तर में हडक़ंप मच गया। एडीएम ने विभिन्न विभागों का अचानक दौरा कर अधिकारियों और कर्मचारियों की हाजिरी की जांच की। निरीक्षण के दौरान 7 विभागों में कुल 10 कर्मचारी बिना सूचना गैरमौजूद मिले। रोजगार […]

You May Like