
नीमच। कलेक्टर कार्यालय में गुरुवार दोपहर अतिरिक्त कलेक्टर बीएस कलेश के अचानक निरीक्षण से पूरे दफ्तर में हडक़ंप मच गया। एडीएम ने विभिन्न विभागों का अचानक दौरा कर अधिकारियों और कर्मचारियों की हाजिरी की जांच की। निरीक्षण के दौरान 7 विभागों में कुल 10 कर्मचारी बिना सूचना गैरमौजूद मिले।
रोजगार कार्यालय में एक भी कर्मचारी नहीं मिला
निरीक्षण में सबसे बड़ी लापरवाही जिला रोजगार कार्यालय में सामने आई, जहां कार्यालय खुला होने के बावजूद एक भी अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं था। इसे एडीएम ने गंभीर प्रशासनिक चूक माना।
वहीं आदिम जाति कल्याण विभाग और महिला एवं बाल विकास कार्यालय में दो-दो कर्मचारी गैरहाजिर मिले। श्रम कार्यालय में भी दो कर्मचारी अनुपस्थित थे, साथ ही यहां उपस्थिति पंजी का रखरखाव तक नहीं किया गया था।
उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर तक नहीं किए
नगर एवं ग्राम निवेश कार्यालय में भी दो कर्मचारी मौजूद नहीं थे, जबकि एक कर्मचारी ने उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर तक नहीं किए थे। भू-अभिलेख कार्यालय में कर्मचारी तो उपस्थित थे, लेकिन दो कर्मचारियों ने हस्ताक्षर नहीं किए थे, जिससे उपस्थिति प्रणाली में लापरवाही उजागर हुई।
वहीं कृषि, उद्यानिकी, जिला पेंशन और योजना कार्यालय पूरी तरह से उपस्थित पाए गए, जिससे इन विभागों के कार्यप्रणाली पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा।
नोटिस जारी करने के निर्देश
इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए अतिरिक्त कलेक्टर बी.एस. कलेश ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों और अधिकारियों को तुरंत कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि उपस्थिति और कार्यालय अनुशासन से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
