
इंदौर. तेजाजी नगर क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग महिला की जान चली गई, जबकि उसका बेटा और नाबालिग पोती गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, पुलिस ने चालक की तलाश शुरू कर दी है.
तेजाजी नगर थाना प्रभारी देवेंद्र मरकाम ने बताया कि हादसा सोमवार दोपहर मेरोद के पास हुआ, एक ट्रक ने बाइक पर सवार एक ही परिवार के तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में 60 वर्षीय कलाबाई पति नारायण भीलवाड़ा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बेटा 38 वर्षीय नेमीचंद और पोती 12 वर्षीय टीना घायल हुए हैं. तीनों बागरी हाट पिपल्या, देवास से हरसोला रिश्तेदारी में गमी के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि टक्कर के बाद बाइक फिसल गई और महिला ट्रक के पहिये की चपेट में आ गई, जबकि बेटा और पोती सड़क किनारे गिर गए. हादसे के समय पीछे से दूसरी बाइक पर नेमीचंद का बेटा सचिन अपने रिश्तेदार रवि के साथ आ रहा था. उसने जब आगे भीड़ देखी तो पाया कि सड़क पर उसकी दादी गंभीर हालत में पड़ी हैं. पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल और शव को एमवाय अस्पताल भिजवाया.
