रेहटी/सलकनपुर. देवी धाम सलकनपुर में दर्शनार्थियों की सुविधा एवं सुगम यात्रा के लिए संचालित रोपवे का परिचालन आज से 18 दिसंबर तक अस्थाई रूप से बंद रहेगा. कन्वेयर रोपवे सर्विस सलकनपुर के प्रबंधक राजू श्रीवास्तव ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि रोपवे की मुख्य रस्सी (रोप) बदलने और अन्य तकनीकी सुधार के लिए विशेषज्ञ टीम काम कर रही है. यह कार्य आने वाले समय में रोपवे को और अधिक विश्वसनीय, सुरक्षित बनाने में मदद करेगा. जहां मेंटेनेंस कार्य में 9 दिसंबर से आगामी 18 दिसंबर तक 10 दिनों से अधिक का समय लग सकता है इन दिनों मेंटेनेंस कार्य के कारण दर्शनार्थियों को निर्धारित समय तक रोपवे की सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकेगी. 18 दिसंबर के बाद रोपवे अपने नियमित समय पर पुन: शुरू कर दिया जाएगा और श्रद्धालु पहले से बेहतर अनुभव के साथ मां के दरबार तक पहुंच सकेंगे. रोपवे के परिचालन का अस्थाई तौर से अवरुद्ध होने के दौरान यात्री अपनी सुविधा अनुसार वाहन द्वारा सड़क मार्ग एवं पैदल सीढ़ी मार्ग से मंदिर पहुंच सकेंगे.
