रीवा:खरीफ की बोनी करने के बाद अब किसान खेतो की रखवाली करने में जुट गये है. आवारा गौवंश फसलो को नष्ट करने में लगे है और हाइवे से लेकर तमाम सडक़ो पर गौवंश विचरण कर रहे है. यहा तक की शहर के अंदर मुख्य मार्गो में आराम फरमाते देखे जा सकते है. ये वही मार्ग है जिन मार्गो से होकर गौवंशो को लेकर आदेश निर्देश करने वाले अधिकारी निकलते है.
लेकिन आला अफसरो को यह दिखाई नही देता कि गौवंश सडक़ पर बैठे है और इन्हे गौशाला से लेकर सुरक्षित स्थानो पर पहुंचाने के लिये आदेश दिये जा चुके है फिर आखिर आदेश का पालन क्यो नही हो रहा है. ऐसा लग रहा है कि केवल सरकार को दिखाने के लिये बैठको में आदेश जारी कर दिये जाते है लेकिन मैदानी स्तर पर उनका पालन नही होता.
तमाम सडक़ो पर गौवंश इस समय धमाचौकड़ी मचा रहे है किसानो की फसलो को नष्ट कर रहे है पर कही भी गौवंशो को पकडऩे का अभियान दिखाई नही दे रहा है. शहर के अंदर एक आवारा बैल वृद्ध की जान ले चुका है और उसके बाद भी नगर निगम प्रशासन की नींद नही टूटी है. सडक़ पर मौत बनकर आवारा बैल घूम रहे है कभी भी किसी की जान ले सकते है.
