
नैनपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत आने वाले नैनपुर जंक्शन में ट्रेनों की संख्या में वृद्धि तो हुई है, लेकिन यात्री सुविधाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हो पा रहा है। वर्तमान में स्टेशन पर कोच गाइडेंस सिस्टम की अनुपस्थिति यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन रही है।
हाल ही में नैनपुर से तीन नई ट्रेनों का संचालन प्रारंभ हुआ है, साथ ही अन्य ट्रेनों का भी नियमित रूप से आना-जाना जारी है। इस बढ़ती भीड़भाड़ के बीच यात्री यह तय ही नहीं कर पाते कि उनका आरक्षित कोच प्लेटफॉर्म पर कहाँ आएगा। ट्रेन के आगमन पर कोच की स्थिति तय न होने के कारण अफरातफरी की स्थिति बन जाती है, जिससे विशेष रूप से बुजुर्ग यात्रियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
यद्यपि स्टेशन के उद्घोषणा कक्ष के माध्यम से कोच की पोजिशन की जानकारी दी जाती है, परंतु यह प्रणाली सभी यात्रियों तक समय पर नहीं पहुँच पाती। यदि प्लेटफॉर्म पर कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड लगे होते, तो यात्री निर्धारित स्थान पर समय से पहले पहुंचकर आसानी से ट्रेन में सवार हो सकते थे।
गौरतलब है कि नैनपुर जंक्शन के सभी प्लेटफार्म कोच गाइडेंस सिस्टम से लैस नहीं हैं, जबकि यह प्रणाली आज के समय में यात्री सुरक्षा एवं सुविधा की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है।
रेलवे द्वारा ट्रेनों की संख्या बढ़ाकर सेवाओं का विस्तार तो किया जा रहा है, लेकिन यात्री अनुभव को बेहतर बनाने के लिए इस प्रकार की बुनियादी सुविधाओं पर भी तुरंत ध्यान देने की आवश्यकता है।
स्थानीय यात्रियों और जनप्रतिनिधियों ने रेलवे प्रशासन से शीघ्र ही कोच गाइडेंस सिस्टम की व्यवस्था कराने की मांग की है।
