
शिवपुरी। जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र अंतर्गत माढ़ा गणेशखेड़ा गांव के पास शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रही एक इको कार ने बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें दो मासूम बच्चियां भी शामिल हैं।
घटना के चश्मदीदों के अनुसार, यह हादसा इतना खौफनाक था कि टक्कर लगते ही बाइक पर सवार सभी चारों लोग दूर जाकर गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में एक बुजुर्ग, एक युवक और दो नन्हीं बच्चियां शामिल हैं। चारों एक ही बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही रन्नौद थाना प्रभारी अरविंद चौहान दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल मृतकों के शवों को उठवाकर बदरवास अस्पताल भिजवाया। अस्पताल प्रबंधन द्वारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा आसपास के गांवों में सूचना भेजी गई है ताकि परिजनों की जानकारी मिल सके। वहीं, टक्कर मारने वाला कार चालक हादसे के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले सुरागों और चश्मदीदों के बयान के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं।इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए स्पीड ब्रेकर बनाने व यातायात नियंत्रण के उपायों की मांग की है।
