गुना: जिले के म्याना थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले भदौरा गांव में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां घर के भीतर जमीन पर सो रहे 90 वर्षीय बुजुर्ग को एक जहरीले सांप ने डस लिया। घटना रात करीब 12 बजे की है जब बुजुर्ग अपने बिस्तर पर गहरी नींद में थे।परिजनों के अनुसार, सांप सीधे बिस्तर तक पहुंच गया था और सोते वक्त उसने बुजुर्ग लक्ष्मण कुशवाह को अपना शिकार बना लिया। घटना के तुरंत बाद अस्पताल जाने के बजाय परिजन उन्हें पहले गांव में ही झाड़-फूंक के चक्कर में ले गए। अंधविश्वास और परंपराओं के इस फेर में इलाज के शुरुआती और सबसे अहम घंटे बर्बाद हो गए। जब हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ने लगी, तब जाकर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में रात करीब 2 बजे इलाज के दौरान लक्ष्मण कुशवाह ने दम तोड़ दिया। दुखी परिजनों ने यह भी बताया कि घटना से दो दिन पहले भी घर के आसपास इसी तरह का सांप देखा गया था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसी सांप के काटने से लक्ष्मणकुशवाह की मौत हुई है। सूचना मिलने पर म्याना पुलिस ने जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
