
ग्वालियर। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को शिव भक्त मंडल, सुदामा पुरी मुरार के तत्वावधान में बाबा महाकाल की सवारी नगर भ्रमण पर निकली, इस दौरान बाबा की पालकी का जगह- जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। भक्त बाबा के जयकारे लगाते हुये चल रहे थे, वहीं पालकी यात्रा के मार्ग में भजन चल रहे थे।
बाबा महाकाल की पालकी यात्रा शिव मंदिर, सुदामापुरी मुरार से प्रारंभ हुई इसके बाद यह यात्रा सिंहपुर रोड, बारादरी चौराहा, सदर बाजार, अग्रसेन चौराहा, बजाज खाना, होते हुये पुनः शिव मंदिर में पालकी यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के दौरान सैकड़ों महिलायें एवं पुरुष चल रहे थे। इसके साथ ही लोगों ने अपने प्रतिष्ठानों के सामने से निकल रही शोभायात्रा की आरती उतार कर एवं पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
नगर भ्रमण यात्रा के दौरान बाबा महाकाल की पालकी को भक्त अपने कंधे पर लेकर चल रहे थे। यात्रा के दौरान बाबा महाकाल के भूत प्रेत, अघोरी बाबा आदि के रूप में चल रहे थे, जगह जगह भक्तों ने गुलाल भी उड़ाया। भक्त भजनों पर नृत्य करते हुये चल रहे थे।
यात्रा में शिव भक्त मंडल के धर्मेन्द्र राणा पूर्व पार्षद, कुलदीप कांकर, अजय राणा, अनिल चतुर्वेदी, सौरभ पांडे, लवलेश शर्मा, चच्चू दंडोतिया, पंकज पाठक एवं तमाम महिलायें पुरुष श्रृद्धालु शामिल रहे।
