
ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय में हाईकोर्ट के आदेश के तहत 19 स्थायी कर्मचारियों के नियमितीकरण, सातवां वेतनमान लागू करने और पूर्व में सौंपे गए 24 सूत्रीय मांगों के ज्ञापन पर अमल की मांग को लेकर तीन कर्मचारी संघों ने चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है। आंदोलन के पहले दिन सोमवार को कर्मचारियों ने सुबह 10 से 11.30 बजे तक प्रशासनिक भवन के बाहर नारेबाजी की। इस दौरान कर्मचारियों ने डेढ़ घंटे तक कलम बंद रखी। इसके चलते विश्वविद्यालय का कामकाज भी प्रभावित रहा। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद कर्मचारियों ने नियमित काम शुरू किया। कर्मचारी संघ के अध्यक्ष यतेंद्र शर्मा, चिरौंजी लाल बरेला और प्रमोद कटारे ने संयुक्त रूप से बताया कि आंदोलन के अगले चरण में मंगलवार को भी सुबह 10 से 11.30 बजे तक नारेबाजी की जाएगी। इसके साथ राष्ट्रगान भी होगा। आंदोलन में विश्वविद्यालय के तीनों कर्मचारी संघों के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और कर्मचारी शामिल हुए।
