दुकान के लिए निकला था युवक, नदी में मिला शव

ग्वालियर। करहिया थाना क्षेत्र के ग्राम रिछारी कला निवासी 25 वर्षीय युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। युवक दो दिन से लापता था, जिसका शव आज सोमवार शाम करीब 4 बजे पार्वती नदी के खरेरी घाट पर मिला है।

जानकारी के अनुसार ललित रावत पुत्र गजेंद्र रावत उम्र 25 वर्ष भितरवार इलाके के ग्राम सिल्हा में खाद-बीज की दुकान संचालित करता है। रोज की तरह वह शनिवार को घर से दुकान जाने की बात कहकर निकला था। जब देर शाम तक वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा था।

चिंतित परिजनों ने उसकी हर संभावित जगह पर तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। कोई सुराग नहीं मिलने पर देर शाम परिजन भितरवार थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

लोकेशन के आधार पर हुई तलाश, घाट पर मिला सामान

पुलिस ने युवक की मोबाइल लोकेशन ट्रेस की तो वह क्षेत्र में ही स्थित पार्वती नदी के आसपास शो हो रही थी। पुलिस और परिजन जब पार्वती नदी के खरेरी घाट पहुंचे तो वहां ललित की बाइक, चप्पल, कपड़े, बैग और मोबाइल लावारिस हालत में रखे मिले। सामान देखकर परिजन उसके नदी में डूबने की आशंका से घबरा गए।

पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया, लेकिन रात में अंधेरा गहराने और पानी का बहाव तेज होने के कारण सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा। सोमवार सुबह फिर मौके पर भितरवार थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम पहुंची और नदी में ललित की तलाश शुरू की गई।

सोमवार शाम 4 बजे मिली बॉडी

लगातार दो दिन चले सर्च ऑपरेशन के बाद आज सोमवार शाम करीब 4 बजे एसडीआरएफ की टीम को पार्वती नदी में युवक का शव मिला। शव मिलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।

पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। यह आत्महत्या है या हादसा, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। वहीं घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

Next Post

फर्स्ट एसी में चूहे का आतंक, सोते बुजुर्ग की नाक कुतरी

Mon Aug 24 , 2026
इंदौर। फर्स्ट एसी में सफर, लेकिन रात में चूहे का आतंक चंडीगढ़ से इंदौर आ रही ऊना-इंदौर एक्सप्रेस के एच 1 कोच में 78 वर्षीय यात्री एचपी करण की सोते समय चूहे ने उनकी नाक कुतर दी। हैरानी की बात यह है कि परिजनों ने सफर शुरू होते ही कोच […]

You May Like