इंदौर। साउथ तुकोगंज क्षेत्र में एक रियल एस्टेट कारोबारी को कुख्यात गैंगस्टर के नाम पर धमकी देकर 15 करोड़ रुपए की मांग किए जाने का मामला सामने आया है. शिकायत के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
थाना प्रभारी जितेन्द्र यादव ने बताया कि शहर के एक कारोबारी संजय जैन को गुरुवार को एक कॉल आया, जिसमें धमकी दी गई. कॉल कट करने के बाद उनके मोबाइल पर वॉयस मैसेज भेजा गया, जिसमें खुद को गैंग से जुड़ा बताते हुए हेरी बॉक्सर नाम बताकर रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई. पीड़ित ने मामले की शिकायत क्राइम ब्रांच में की थी, जिसके बाद प्रकरण तुकोगंज थाना पुलिस को सौंपा गया. वहीं एडीशनल डीसीपी क्राईम ब्रांच राजेश दंडोतिया का कहना है कि शहर सहित अन्य जिलों में भी इस तरह की धमकियों की जानकारी मिल रही है. एहतियात के तौर पर कारोबारी को सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है. पुलिस कॉल और वॉयस मैसेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है.
इंदौर के रियल एस्टेट कारोबारी को गैंगस्टर के नाम पर धमकी,15 करोड़ की फिरोती मांगी
