गाजा शांति योजना पर कुशनर की हमास से विशेष बातचीत, सोमवार को नेतन्याहू से होगी मुलाकात

काहिरा, 17 अगस्त (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत और उनके दामाद जैरेड कुशनर ने गाजा शांति योजना को आगे बढ़ाने के प्रयासों के तहत मिस्र में हमास के प्रतिनिधियों के साथ विशेष तौर पर बातचीत की। इस बीच, इजरायल ने गाजा में हवाई हमले जारी रखे हैं और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी पहल के प्रमुख प्रावधानों को खारिज कर दिया है।

श्री कुशनर, निकोलाय म्लादेनोव और ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर सोमवार को श्री नेतन्याहू से मुलाकात कर शांति योजना के क्रियान्वयन पर चर्चा करने वाले हैं। रिपोर्टों के अनुसार, श्री कुशनर ने मिस्र के अल-अलामीन में हमास के वरिष्ठ नेता खलील अल-हय्या के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल के साथ दो घंटे से अधिक समय तक बातचीत की। ट्रंप प्रशासन के बोर्ड ऑफ पीस के गाजा दूत श्री म्लादेनोव भी बैठक में शामिल हुए।

बातचीत में श्री ट्रंप की 15 सूत्री शांति योजना के क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। इसमें हमास का निरस्त्रीकरण, इजरायली सेना की वापसी और गाजा के भावी प्रशासन जैसे मुद्दे शामिल हैं। बैठक के परिणाम के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं दी गयी।

बैठक में मिस्र, कतर और तुर्किये के प्रतिनिधि भी शामिल हुए, जो संघर्ष समाप्त कराने के प्रयासों में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं। श्री कुशनर ने अपनी मिस्र यात्रा के दौरान राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी से भी मुलाकात की।

हमास ने बाद में मध्यस्थों और अमेरिका द्वारा गठित बोर्ड ऑफ पीस से ट्रंप की नयी योजना को स्वीकार करने के लिए इजरायल को बाध्य करने का आह्वान किया।

यह श्री कुशनर और हमास प्रतिनिधियों के बीच दूसरी ज्ञात बैठक है। इससे पहले उन्होंने अक्टूबर 2025 में तत्कालीन अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ के साथ हमास के अधिकारियों से मुलाकात की थी। उस बातचीत के बाद गाजा में युद्धविराम और सात अक्टूबर 2023 के हमले के दौरान बंधक बनाए गए लोगों की रिहाई का समझौता कराने में मदद मिली थी।

ताजा बातचीत ऐसे समय हुई है जब इजरायल ट्रंप की 15 सूत्री योजना को खारिज कर चुका है। योजना में तत्काल सैन्य कार्रवाई रोकने, हमास और अन्य सशस्त्र समूहों के पूर्ण निरस्त्रीकरण, इजरायली सैनिकों की वापसी और नये नागरिक फलस्तीनी प्रशासन के तहत गाजा के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव है। इसमें एक अंतरराष्ट्रीय स्थिरीकरण बल की तैनाती की भी बात कही गयी है।

श्री नेतन्याहू ने कहा है कि इजरायल की सेना की वापसी से पहले हमास का पूरी तरह निरस्त्रीकरण जरूरी है। उन्होंने पिछले सप्ताह कहा था, “इजरायल गाजा को लेकर बोर्ड ऑफ पीस के 15 सूत्री दस्तावेज को खारिज करता है। हमास के वास्तविक रूप से निरस्त्रीकरण तक आईडीएफ कोई वापसी नहीं करेगा।”

श्री नेतन्याहू ने योजना को “अस्वीकार्य” बताया है। इससे इजरायल और उसके सबसे करीबी सहयोगी अमेरिका के बीच मतभेद भी सामने आए हैं।

श्री नेतन्याहू को अपने गठबंधन के उन सदस्यों के दबाव का भी सामना करना पड़ रहा है, जो सैन्य कार्रवाई कम किए जाने के विरोध में हैं। दक्षिणपंथी राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्विर ने प्रधानमंत्री के रुख से सार्वजनिक रूप से असहमति जताते हुए हमास के खिलाफ लक्षित अभियान जारी रखने की मांग की है।

इस बीच, मिस्र, जॉर्डन, कतर, इंडोनेशिया, सऊदी अरब, तुर्किये, संयुक्त अरब अमीरात और पाकिस्तान सहित आठ मुस्लिम बहुल देशों ने रविवार को अमेरिकी योजना को खारिज करने के इजरायल के फैसले की निंदा की। उन्होंने कहा कि यह फैसला “न्यायपूर्ण और स्थायी शांति हासिल करने के सामूहिक प्रयासों को गंभीर रूप से कमजोर करता है।”

उधर, गाजा में इजरायली हवाई हमले जारी रहे। इजरायली सेना ने कहा कि उसके विमानों ने रविवार को खान यूनिस और नुसेरात में हमास और इस्लामिक जिहाद के लड़ाकों को निशाना बनाया। गाजा के चिकित्साकर्मियों के अनुसार, खान यूनिस में एक शिविर पर हुए हमले में कम से कम पांच फलस्तीनी घायल हुए, जिनमें से एक की बाद में मौत हो गयी।

मध्य गाजा के नुसेरात शिविर में एक अपार्टमेंट पर भी इजरायली हवाई हमला हुआ, जिसमें कई लोग घायल हुए।

एक वरिष्ठ इजरायली अधिकारी ने कहा कि गाजा में हमास के लड़ाकों की लक्षित हत्याएं रोकने की अमेरिकी मांग को लेकर इजरायल चिंतित है। अधिकारी के अनुसार, हमास फिर से अपनी सैन्य क्षमता बढ़ा रहा है।

गाजा में पिछले वर्ष 10 अक्टूबर को लागू हुआ युद्धविराम औपचारिक रूप से जारी है, लेकिन इसके बाद से इजरायली सेना लगभग रोजाना हमले करती रही है। इजरायल और हमास एक-दूसरे पर युद्धविराम के उल्लंघन का आरोप लगाते रहे हैं। हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, युद्धविराम लागू होने के बाद से 1,200 से अधिक लोग मारे गए हैं। यूनिसेफ के अनुसार, इनमें कम से कम 300 बच्चे शामिल हैं।

यह कूटनीतिक प्रयास ऐसे समय हो रहा है जब पश्चिम एशिया में व्यापक संकट जारी है। अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष समाप्त करने के उद्देश्य से किया गया 60 दिन का समझौता सोमवार को समाप्त हो रहा है, जबकि दोनों देशों के बीच बातचीत रुकी हुई है। जहाजों पर हमलों के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही भी काफी कम हो गयी है।

गाजा में मौजूदा युद्ध सात अक्टूबर 2023 को हमास के नेतृत्व में दक्षिणी इजरायल पर किये गये हमले के बाद शुरू हुआ था। इस हमले में करीब 1,200 लोग मारे गये और 251 लोगों को बंधक बनाया गया था। इसके बाद इजरायल के सैन्य अभियान में गाजा में 73,000 से अधिक लोग मारे गए हैं। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि करीब 19 लाख लोग, यानी गाजा की लगभग 90 प्रतिशत आबादी, विस्थापित हो चुकी है।

.....

Next Post

रियल मैड्रिड ने प्री-सीजन फ्रेंडली मैच में शाल्के को 3-0 से हराया

Mon Aug 17 , 2026
मैड्रिड, 17 अगस्त (वाार्त) काइलियन एमबाप्पे , डीन हुइजसेन और कार्लोस एस्पी के गोल की मदद से रियल मैड्रिड ने ला लीगा टीम के आखिरी प्री-सीजन फ्रेंडली मैच में शाल्के को 3-0 से हराया। रविवार को खेले गये इस मुकाबले में एमबाप्पे ने सिर्फ पांच मिनट में गोल दागकर मैड्रिड […]

You May Like