इंदौर :पुलिस कमिश्नर कार्यालय में मंगलवार को हुई जनसुनवाई में 82 फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे. इनमें पारिवारिक विवाद, जमीन मकान से जुड़े मामले, साइबर और वित्तीय धोखाधड़ी, कब्जे, पैसों के लेन देन तथा महिला अपराध से संबंधित शिकायतें प्रमुख रहीं. पुलिस कमिश्नर ने आवेदकों की बात सुन संबंधित अधिकारियों को मामलों में तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए.
जनसुनवाई में कई लोग बेटा बहू द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत लेकर पहुंचे, जबकि पति पत्नी के विवाद और आपसी मतभेद से जुड़े मामले भी सामने आए. इसके अलावा पैसों के लेन देन, प्लॉट और मकान से जुड़ी धोखाधड़ी तथा मकान पर कब्जे की शिकायतें भी अधिकारियों के सामने रखी गईं. कुछ लोगों ने नियोक्ता द्वारा वेतन नहीं देने की शिकायत की. रहवासी सोसायटियों में देर रात तक दुकानें संचालित होने से हो रही परेशानी का मामला भी जनसुनवाई में पहुंचा. साइबर और वित्तीय धोखाधड़ी के पीड़ितों ने भी अपनी शिकायतें दर्ज कराईं. वहीं, पूर्व में शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं होने की शिकायतें भी अधिकारियों के सामने रखी गईं. पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने आवेदकों की शिकायतें सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों से फोन पर भी बात की और मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए. पारिवारिक और आपसी विवादों में मध्यस्थता केंद्रों के जरिए काउंसलिंग कराकर समाधान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं. जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी सहित सभी जोन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने आवेदकों की शिकायतों पर मौके से ही संबंधित थानों और विभागों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया.
